लखनऊ, 05 अक्टूबर 2019: अब अपर श्रमायुक्त् कार्यालय गाजियाबाद को निम्न करते हुए उप श्रमायुक्त कार्यालय लखनऊ को उच्च कर दिया गया है। नये शासनादेश के अनुसार गाजियाबाद का श्रम विभाग का कार्यालय उप श्रमायुक्त कार्यालय होगा, जबकि लखनऊ का कार्यालय अपर श्रमायुक्त को होगा। इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव अवनीश कुमार शर्मा ने कानपुर श्रमायुक्त को पत्र भेज दिया है।
यह बता दें कि लखनऊ के कार्यालय में पहले से ही अपर श्रमायुक्त की नियुक्ति हो चुकी है। यहां अभी अपर श्रमायुक्त बीके राय हैं लेकिन कार्यालय उप श्रमायुक्त के नाम से ही जाना जाता था। अब यह कार्यालय अपर श्रमायुक्त के नाम से जाना जाएगा। पूरे यूपी में अपर श्रमायुक्त का कार्यालय तीन था और अब भी वही है लेकिन गाजियाबाद की जगह अब लखनऊ को अपर श्रमायुक्त् कार्यालय का नाम दे दिया गया है।
शासनदेश संख्या126/36-4-2019-54/86 टीसी में इस संबंध में कहा गया है कि पहले नोयडा भी गाजियाबाद से ही गवर्न होता था। इस कारण वहां अपर श्रमायुक्त का पद रखा गया था लेकिन अब नोयडा में खुद उप श्रमायुक्त का पद सृजित है। इस कारण गाजियाबाद में अपर श्रमायुक्त के पद काे कम कर उप श्रमायुक्त का पद सृजित किया गया है। इसी तरह लखनऊ परिक्षेत्र में बढ़ती हुई औद्योगिक ईकाइयों एवं श्रमिक बलों की संख्या के दृष्टिगत रखते हुए उप श्रमायुक्त के पद को उच्चीकृत कर वहां अपर श्रमायुक्त के पद का सृजन किया जा रहा है।







