राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राजीव को ग्रहण कराई सदस्यता, बनाये गए पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह मुख्य प्रवक्ता
पटना, 11 अक्टूबर 2019 : देश के ख्यातिप्राप्त पत्रकार श्री राजीव मिश्र ने पत्रकारिता की लम्बी और सफल पारी खेलने के बाद आज उन्होंने बिहार की उभरती एक नई राजनीतिक ताकत विकासशील इंसान पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मुकेश सहनी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनका पार्टी में स्वागत पूरी गर्म जोशी के साथ किया। साथ ही मुकेश सहनी ने श्री मिश्र को विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष होने के साथ-साथ राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी।
इस मौके पर अपने संबोधन में श्री राजीव मिश्र ने कहा कि राजनीति में आना उनकी कोई मजबूरी नहीं है। पत्रकारिता में आज भी उनकी गहरी पैठ और सक्रियता बनी हुई है, मगर राजनीति के प्लेटफार्म से जनसेवा का जो मौका मिल सकता है, उसके लिए राजनीतिक पार्टी की सदस्यता लेना जरूरी है। उनके पास इसके लिए कई विकल्प थे, लेकिन चुनौती स्वीकार करना मेरी आदत है। इस मौके पर यह कहने से कोई गुरेज नहीं है कि माननीय मुकेश सहनी और उनकी पार्टी बिहार के लिए बेहतरीन विकल्प के रूप में उभरी है। बिहार की जनता पुरानी राजनीतिक पार्टियों से उकता गई है, सिर्फ सत्ता में आना उन पार्टियों का लक्ष्य है। जनसेवा के नाम पर वो क्या कर सकते हैं, पटना का जल प्रलय इसका बेहतर उदाहरण है। बिहार की जनता को इनसे मुक्ति चाहिए। विकासशील इंसान पार्टी जनसेवा की मानसिकता के साथ आज बिहार की गरीबों और मजलूमों के साथ खड़ी है।
वहीं, VIP प्रमुख मुकेश सहनी ने राजीव मिश्र का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि हमें श्री राजीव मिश्र पर पूरा भरोसा है कि वे VIP को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद करेंगे। साथ ही, उनके आने के बाद बिहार की जातीय राजनीति में नए समीकरण बनेंगे। श्री मिश्र के पार्टी में शामिल होने के बाद निश्चित रूप से पार्टी मजबूत होगी और सामाजिक स्तर पर पार्टी की स्वीकार्यता बढ़ेगी। पूरे बिहार के साथ-साथ, विशेष तौर पर मिथिलांचल में इनके शामिल होने के बाद पार्टी को खासा लाभ मिलेगा।






