मायावती ने की सीएम अशोक गहलोत को बर्खास्त करने की मांग
राजस्थान के कोटा में 100 बच्चों की हुई मौत पर बसपा प्रमुख मायावती ने कांग्रेस को शुक्रवार को भी घेरा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष से सीएम अशोक गहलोत को तुरंत बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे गैर जिम्मेदाराना और असंवेदनशील मुख्यमंत्री को कुर्सी पर बने रहने का कोई हक नहीं है। वह भी बहुत शर्मनाक है।
मायावती ने शुक्रवार को दोपहर बाद ट्वीट किया कि राजस्थान की कांग्रेसी सरकार के सी.एम. श्री गहलोत का, कोटा में लगभग 100 मासूम बच्चों की हुई मौत पर, अपनी कमियों को छिपाने के लिए आयदिन चोरी व ऊपर से सीनाजोरी वाले अर्थात् गैर-जिम्मेदाराना व असंवेदनशील तथा अब राजनीतिक बयानबाजी करना, यह अति शर्मनाक व निन्दनीय है।
उन्होंने दूसरे ट्वीट में लिखा कि ऐसे में कांग्रेस का लगभग 100 माओं की कोख उजड़ जाने पर केवल अपनी नाराजगी जताने से काम नहीं चलेगा बल्कि इनको तुरन्त बर्खास्त करके वहाँ अपने सही व्यक्ति को सत्ता में बैठाना चाहिये, तो यह बेहतर होगा। वरना वहाँ और भी माओं की कोख उजड़ सकती है।







