गीता परिवार लखनऊ की ओर से रविवार को शास्त्रीनगर के कल्याणकारी आश्रम, श्रीदुर्गा मंदिर और मडियांव केन्द्र द्वारा रमनगरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व बच्चों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, माखनचोर आ मटकी फोड़ एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवल के पश्चात बच्चों ने नाटक मनसूखा, सुदामा चरित्र का मंचन करके श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को जीवंत कर दिया। नन्हे मुन्ने बच्चे राधा कृष्ण रूपी रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। गीता परिवार के बाल कलाकारों ने कान्हा सो जा जरा, मुकुंदा-मुकुंदा…, वो कृष्णा है… गीतों पर मनमोहनी नृत्य प्रस्तुत कर पूरे माहौल को कृष्णमय रस से सराबोर कर दिया।
जन्मोत्सव पर प्रश्नोत्तरी व विभिन्न प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कार्यक्रम संयोजक अनुराग पाण्डेय ने बताया माखनचोर आ मटकी फोड़ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों ने धमाल मचाया। इसके पश्चात कान्हा व ग्वाल बालों के समूहों ने पिरामिड बनाकर 21 फीट ऊंची मटकी को फोड़कर सभी उपस्थित जनों को आनंदित कर दिया।
भगवान के जन्मोत्सव पर मंदिर को एलईडी बिजली की झालरों व रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया। मंदिर प्रागंण में भजन-कीर्तन की रसगंगा बहायी गयी और नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैयालाल की…. के जयकारों के मध्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम प्रमुख ज्योति शुक्ला, रमाकांत के निर्देशन में किया गया।






