जीत पर अरविंद केजरीवाल ने किया ट्वीट कहा, सत्य की जीत हुई
अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर खुशी का इजहार किया है। उन्होंने लिखा है, “सत्य की जीत हुई। दिल्ली के लोगों द्वारा चुने हुए प्रतिनिधियों को ग़लत तरीक़े से बर्खास्त किया गया था। दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली के लोगों को न्याय दिया। दिल्ली के लोगों की बड़ी जीत, दिल्ली के लोगों को बधाई।”
आप पार्टी में ख़ुशी की लहर
नई दिल्ली, 23 मार्च। आम आदमी पार्टी की सरकार को दिल्ली हाईकोर्ट ने बड़ी राहत देते हुए लाभ के पद मामले में अयोग्य ठहराए गए ‘आप’ के 20 विधायकों को अभयदान दिया है। मामले में कोर्ट ने चुनाव आयोग की सिफारिश को खारिज कर दिया है। साथ ही दिल्ली हाई कोर्ट ने चुनाव आयोग को निर्देश दिया है कि विधायकों की याचिका पर दोबारा सुनवाई हो। आम आदमी पार्टी की नेता अलका लांबा ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि सभी 20 विधायक बने रहेंगे। उन लोगों को मुंह की खानी पड़ी है जो सरकार को गिराने की कोशिश कर रहे थे।
2 जजों की बेंच ने सुनाया फैसला
आम आदमी पार्टी के 20 विधायकों की सदस्यता रद्द होने के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट की 2 जजों की बेंच ने यह बड़ा फैसला सुनाया है। बताया जा रहा है कि कोर्ट में 15 से ज्यादा पूर्व विधायक भी मौजूद थे। गौरतलब है कि जनवरी में आप विधायकों ने अपनी सदस्यता रद्द किए जाने के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया था। इसके बाद हाई कोर्ट ने चुनाव आयोग को भी इस मामले में फैसला आने तक उपचुनाव नहीं कराने का आदेश दिया था।








