यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायवती भी शपथ ग्रहण समारोह में रहे शामिल
बेंगलुरु, 23 मई। एचडी कुमारस्वामी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई। वहीं, कांग्रेस के जी परमेश्वर ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान मंच पर विपक्षी एकजुटता की झलक भी दिखी। मंच पर यूपीए प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री और एचडी कुमारस्वामी के पिता एचडी देवेगौड़ा, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायवती भी दिखीं। इनके अलावा बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, आरएलडी प्रमुख अजीत सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबु नायडू और एनसीपी प्रमुख शरद पवार भी नजर आए।
गौरतलब है कि 19 मई को फ्लोर टेस्ट से पहले ही बीजेपी नेता बीएस येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद राज्यपाल ने कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया था। पहले 21 मई को शपथ ग्रहण का प्रस्ताव था लेकिन राजीव गांधी की पुण्यतिथि के कारण उसे बदलकर 23 मई की शाम 4:30 बजे किया गया।
शपथग्रहण समारोह में शामिल होने से पहले अरविंद केजरीवाल, चंद्रबाबू नायडू, सीताराम येचुरी ने की मुलाकात।
वेणुगोपाल ने बताया कि पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के रमेश कुमार अगले विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) होंगे, जबकि डिप्टी स्पीकर का पद जद (एस) के खाते में जाएगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के 22 और जद (एस) से 12 मंत्री होंगे। बृहस्पतिवार को विधानसभा में होने वाले शक्ति परीक्षण के बाद वे शपथ लेंगे। कुमारस्वामी एक हफ्ते के अंदर कर्नाटक में शपथ लेने वाले दूसरे मुख्यमंत्री होंगे। दरअसल, भाजपा के प्रदेश प्रमुख बीएस येदियुरप्पा ने 19 मई को शक्ति परीक्षण का सामना किए बगैर इस्तीफा दे दिया था।






