बर्मिंगम, 28 जून। इंग्लैंड ने एकमात्र टी-20 क्रिकेट मैच में आदिल राशिद (3/27) और क्रिस जोर्डन (3/42) की शानदार गेंदबाजी की सहायता से ऑस्ट्रेलिया को 28 रनों से हरा दिया। एजबेस्टन क्रिकेट मैदान पर खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर मेजबान इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए। इस प्रकार मेहमान टीम ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 222 रन बनाने का लक्ष्य मिला।
इस लक्ष्य का पीछा करते हुए कंगारु 193 रनों पर पेवेलियन लौट गये। इंग्लैंड की ओर से सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय (44) और जोस बटलर (61) ने शानदार शुरुआत करते हुए 95 रन बना दिये। मेजबान टीम का पहला विकेट बटलर का गिरा। उन्हें मिशेल स्वेपसन ने आउट किया। इसके बाद, जेसन को बिली स्टानलेक ने 108 रनों के स्कोर पर पेवेलियन भेज दिया। कप्तान इयोन मोर्गन (15) और एलेक्स हेल्स (49) ने तीसरे विकेट के लिए 24 जोड़े पर इस जोड़ी को भी स्वेपसन ने तोड़ दिया। एलेक्स ने जो रूट (35) 72 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी की और टीम को 200 के ऊपर पहुंचाया।
एलेक्स के रूप में इंग्लैंड का 5वां विकेट गिरा। 215 के कुल स्कोर पर रुट भी आउट हो गए। इसके बाद जॉनी बेयरस्टो और मोइन अली ने मिलकर टीम का स्कोर 221 तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया के लिए इस पारी में स्वेपसन ने सबसे अधिक 2 विकेट लिए, वहीं स्टानलेक और मार्कस स्टोइनिस को एक-एक विकेट मिला। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसकी आधी टीम पेवेलियन लौट गयी। कप्तान फिंच के आउट होने के बाद टीम के विकेट लगातार गिरते रहे और मैच उनके हाथ से निकल गया।







