बेंगलुरू : अफगानिस्तान के खिलाफ एम.ए चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मैच में भारत के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने पहली पारी के पहले सत्र में शतक जडऩे के साथ ही एक नई उपलब्धि अपने नाम कर ली है। शिखर भारत के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने किसी भी टेस्ट मैच में पहली पारी के पहले सत्र में शतक लगाया है। भारतीय टीम ने भोजनकाल तक अपनी पहली पारी में धवन की नाबाद 104 रनों की शतकीय पारी और मुरली विजय के 41 रनों के दम पर अफगानिस्तान के खिलाफ बिना कोई विकेट गंवाए 158 रनों का स्कोर खड़ा कर लिया था।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी भी टेस्ट मैच की पहली पारी के पहले सत्र में शतक लगाने वाले धवन छठे बल्लेबाज हैं। इस सूची में उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के विक्टर ट्रंपर, चार्ली मैकार्टनी, डॉन ब्रेडमैन और डेविड वार्नर के अलावा पाकिस्तान के माजिद खान का नाम शामिल है।
ऑस्ट्रेलिया के ट्रंपर ने साल 1902 में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैच में पहले सत्र में 103 रन बनाते हुए शतक लगाया था। इसके अलावा 1926 में ऑस्ट्रेलिया के ही बल्लेबाज मैकार्टनी ने इंग्लैंड के ही खिलाफ यह कारनामा किया था। उन्होंने 112 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया के ही एक अन्य बल्लेबाज ब्रेडमैन ने इंग्लैंड के ही खिलाफ 1930 में लीड्स मैदान पर खेले गए टेस्ट मैच में पहले सत्र में 105 रनों की शतकीय पारी खेलकर यह उपलब्धि हासिल की थी।
पाकिस्तान के माजिद ने 1976-77 में कराची के स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच के पहले सत्र में 108 रन बनाकर शतकीय पारी खेली थी। ऑस्ट्रेलिया के डेविन वार्नर ने इस क्रम में पांचवां स्थान हासिल किया है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 2016-17 में सिडनी में खेले गए टेस्ट मैच के पहले सत्र में 100 रन बनाकर यह उपलब्धि अपने नाम की थी।







