कोलंबो । त्रिकोणीय क्रिकेट श्रृंखला में गुरुवार को भारतीय टीम का दूसरा मुकाबला बांग्लादेश से होगा। पहले ही मैच में मेजबान श्रीलंकाई टीम के हाथों मिली हार के कारण भारतीय टीम इस मैच को जीतकर शानदार वापसी करना चाहेगी। कप्तान रोहित शर्मा ने भी कहा है कि उनकी टीम जीत के इरादे से उतरेगी। भारतीय टीम में इस बार नियमित कप्तान विराट कोहली, महेन्द्र सिंह धोनी सहित कई अनुभवी खिलाड़ी शामिल नहीं हैं। ऐसे में युवाओं के सामने अपने को साबित करने का अच्छा अवसर है। श्रीलंका ने पहले मैच में कुसाल परेरा की 37 गेंद में 66 रन की पारी की सहायता से मैच जीत लिया था। इस मैच में युवा भारतीय गेंदबाज प्रभावी नजर नहीं आये।
कप्तान रोहित शर्मा ने हालांकि कहा कि युवा खिलाड़ी बांग्लादेश के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने पांच विकेट की हार के बाद कहा, ‘‘हमारे गेंदबाजों ने हर चीज आजमाने की कोशिश की, पर कभी कभार हालात अलग होते हैं। रोहित और धवन कल बांग्लादेश के खिलाफ किस तरह से शुरूआत करते हैं, यह देख होगा। वे अंतिम ओवरों में ज्यादा से ज्यादा रन जुटाने का प्रयास करेंगे। इस मैच में अक्षर पटेल को चहल के साथ गेंदबाजी का मौका दिया जा सकता है।
प्रतिभाशाली लोकेश राहुल को पहले मैच की में शामिल नहीं किया गया था उन्हें इस बार अवसर मिल सकता है। युवा वाशिंगटन सुंदर ने श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में अच्छी गेंदबाजी की थी उन्हें इस मैच में भी बरकरार रखा जाएगा। शार्दुल ठाकुर और जयदेव उनादकट को अंतिम ओवरों में अपने खेल में सुधार करने की जरूरत है। शार्दुल के एक महंगे ओवर के कारण ही पहला मैच भारत के हाथों से निकल गया था। वहीं दूसरी ओर बांग्लादेश की टीम भी इस मैच में अपनी ओर से जीत के सभी प्रयास करेगी। चोटिल शाकिब अल हसन की अनुपस्थिति में महमूदुल्लाह टीम की कप्तानी करेंगे। टीम के पास सौम्य सरकार , तमीम इकबाल जैसे बल्लेबाज हैं, वहीं युवा खिलाड़ी लिटन दास से भी उसे काफी उम्मीदें हैं।
टीमें इस प्रकार हैं-
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उप कप्तान), केएल राहुल, सुरेश रैना, मनीष पांडे, दिनेश काॢतक (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, विजय शंकर, शार्दुल ठाकुर, जयदेव उनादकट, मोहम्मद सिराज और रिषभ पंत (विकेटकीपर)।
बांग्लादेश: महमूदुल्लाह (कप्तान), लिटन दास, तमीम इकबाल, सौम्य सरकार मुश्फिकर रहीम, सब्बीर रहमान, मुस्तफिजुर रहमान, रूबेल हुसैन, अबु जायेद, तास्किन अहमद, इमरूल कायेस, नुरूल हसन, मेहदी हसन, अरिफुल हक, नजमुल इस्लाम, अबु हिदर रॉनी।







