डरबन । आस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में 118 रनों से हराकर चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है। मैच के पांचवें और अंतिम दिन चार विकेट पर 63 रनों से आगे खेलते हुए मेजबान दक्षिण अफ्रीकी टीम अपनी दूसरी पारी में 298 रनों पर ही आउट हो गयी जबकि उसे जीत के लिए 417 रनों का लक्ष्य मिला था। दक्षिण अफ्रीका की ओर से एके मरकराम ने 143 रनों की शतकीय पारी खेली पर वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। इसके अलावा डीकॉक ने 83 और ब्रूयन ने 36 रन बनाये। इसके अलावा अन्य सभी खिलाड़ी दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाये। आस्ट्रेलिया की ओर से पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले मिटशेल स्टार्क ने दूसरी पारी में भी चार विकेट लिये। स्टार्क को अपने इस शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया। पांचवें दिन दक्षिण अफ्रीकी टीम को जीत के लिए 354 रनों की जरुरत थी और उसके पास छह विकेट बचे थे । चौथे दिन का खेल समाप्त होने के समय एके मरकराम 44 व डी ब्रूयन 7 रनों पर खेल रहे थे। उसके दिग्गज बल्लेबाज डीविलियर्स शून्य पर ही पेवेलियन लौट गये। एलगर, आमला और प्लेसिस दो अंकों तक भी नहीं पहुंच पाये। इससे पहले आस्ट्रेलियाई टीम तीसरे दिन के 213 रनों पर नौ विकेट से आगे खेलते हुए दूसरी पारी में 227 रनों पर ही सिमट गयी। कैमरन बैन्क्रॉफ्ट ने सबसे अधिक 53 रन बनाये जबकि स्टीवन स्मिथ ने 38 और शॉन मार्श ने 33 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मोर्ने मोर्कल और केशव महाराज ने मैच के तीसरे दिन 3-3 विकेट हासिल किये।
दक्षिण अफ्रीका अपनी पहली पारी में 162 रनों पर ऑलआउट हो गई थी और ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 351 रन बनाये थे। इस प्रकार कंगारुओं को 189 रनों की मजबूत बढ़त मिली थी। मैच के दूसरे दिन खराब रोशनी के चलते मुकाबले को रोकना पड़ा। तीसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम के सलामी बल्लेबाजों ने ठोस शुरुआत की। डेविड वॉर्नर (28 रन) और कैमरन बैन्क्रॉफ्ट (53 रन) ने पहले विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की लेकिन उसके बाद टीम को वॉर्नर और उस्मान खवाजा (8 रन) के रूप में दो झटके लगातार लगे। मध्यक्रम में कप्तान स्टीवन स्मिथ ने 38 और शॉन मार्श ने 33 रनों का योगदान दिया और स्कोर को 150 के पार पहुंचा दिया।







