भाजपा और संघ का प्लान है कि राहुल को मिटा दें ताकि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से खत्म हो जाए
नई दिल्ली। गुजरात में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात करने गए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की कार पर पत्थर फेंकने की घटना को आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने भाजपा-आरएसएस की चाल बताया है। लालू ने कहा कि यह भाजपा और संघ का प्लान है कि राहुल को मिटा दें ताकि कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से खत्म हो जाए। गुजरात में राहुल गांधी की कार पर हुआ था हमला कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी हाल ही गुजरात के बनासकांठा में बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी कार पर पत्थर फेंका गया और काले झंडे दिखाए गए। पत्थर फेंके जाने से राहुल गांधी की कार के शीशे टूट गए थे।
इस घटना पर कांग्रेस ने खासा विरोध जताते हुए कहा था कि बीजेपी के गुंडों ने इस घटना को अंजाम दिया। इस मुद्दे पर अब लालू यादव ने भी आरएसएस और बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात में जिस तरह से राहुल गांधी की कार पर हमला हुआ ये पूर्व नियोजित था। उन्होंने इस घटना को साजिश करार दिया। लालू यादव ने कहा कि आरएसएस-बीजेपी ने गुजरात में राहुल गांधी को मारने की साजिश रची थी।
शुक्रवार को गुजरात के बानसकांठा में उनके काफिले पर हुए हमले पर पीएम मोदी की तरफ से निंदा नहीं करने पर अफसोस जताते हुए कहा कि जो खुद घटना को अंजाम देता है, वो निंदा कैसे कर सकता है। राहुल ने कहा कि पत्थरबाजी करना भाजपा और आरएसएस की राजनीति का तरीका है, इस पर क्या कह सकते हैं।







