गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा मेडिकल कॉलेज चौराहा, ‘मनौतियों के राजा’ को भक्तों ने दी भावभीनी विदाई, जयकारों से गूंजा लखनऊ
मां आंचल सेवा समिति की शोभायात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब, भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
लखनऊ। मेडिकल कॉलेज चौराहा गणपति बप्पा के जयघोष से गूंज उठा। मां आंचल सेवा समिति की ओर से केजीएमयू गेट नंबर-2 के पास गणेश प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा और विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा व उल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम में श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर के महंत विशाल गौड़ और अखिल भारतीय पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। महंत विशाल गौड़ ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे, सेवा और सद्भाव को मजबूत करने का माध्यम भी हैं।
भंडारे में श्रद्धालुओं को छोला, चावल, पूड़ी-सब्जी और हलवा प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। इसके बाद रंग-बिरंगे फूलों और सिंदूर से सजे ‘मनौतियों के राजा’ को रथ पर विराजमान कर भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई।
ढोल-नगाड़ों की धुन पर अबीर-गुलाल उड़ाते और नाचते-गाते श्रद्धालु ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयकारे लगाते हुए कुड़िया घाट की ओर रवाना हुए। पुष्पवर्षा के बीच भक्तों ने गणपति को भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर अनूप कनौजिया, अजय कनौजिया, कल्लू कनौजिया, संजय कनौजिया, संदेश कनौजिया, सुमन, नीतू, सभ्यता, संगीता, अनुराग मिश्रा, राहुल
मिश्रा, संतोष राय, बादशाह सोनकर, सौरभ मिश्रा और धर्मेंद्र प्रधान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।







