विशेषज्ञों की टीम देगी सलाह, मनोबल भी बढ़ाने का काम करेगी टीम
लखनऊ, 12 अप्रैल 2020: लखनऊ विश्वविद्यालय लाकडाउन की स्थिति में विद्यार्थियों को डिप्रेशन से उबारकर उन्हें चिंतामुक्त करने जुटा हुआ है, जिससे लाकडाउन हटने के बाद विद्यार्थी तुरंत अपने काे अपडेट रख सकें। इसके लिए अब लखनऊ विश्वविद्यालय की काउन्सलिंग एंड प्लेस्मेंट सेल ने कोविड-19 की कैरियर काउन्सलिंग की पहल की है। यह काउंसलिंग आन लाइन होगी और विद्यार्थियों को विशेषज्ञ सलाह देंगे।
सेल की निदेशिका डॉ मधुरिमा लाल ने बताया कि पहले चरण में सेल कामर्स, विज्ञान एवं कला संकायों से प्रारम्भ कर अपने दूसरे सप्ताह में अन्य संकायों के छात्रों तक यह काउन्सलिंग सुविधा पहुंचाएगा। इसमें काउन्सलिंग के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल्स एवं पर्सनालिटी डिवेलप्मेंट के लिए मोटिवेशन और लीडर्शिप क्वालिटी के विकास पर भी काउन्सलिंग होगी। हर सेशन के उपरांत सीपीसी की पूरी टीम अपने छात्रों की तमाम जिज्ञासाओं के निवारण के लिए उपस्थित होकर इस विषम परिस्थिति में उनका मनोबल बढ़ाने में अपना योगदान देगी।
उन्होंने बताया कि इसमें विश्वविद्यालय के एक्सपर्ट के साथ बाहर के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ भी सहयोगी होंगे। सीवी लेखन की विशेषज्ञ आभा जोशी एवं सॉफ्ट स्किल्स की विशेषज्ञ डॉक्टर अपर्णा मिश्रा के अतिरिक्त डॉक्टर वैशाली सक्सेना, डॉक्टर मधुरिमा प्रधान, डॉक्टर अनूप कुमार सिंह, डॉक्टर एस के जयसवाल, डॉक्टर सुनीता श्रीवास्तव एवं विश्वविद्यालय के और भी वरीष्ठ प्राध्यापक शामिल होंगे।
सेल की निदेशिका डॉ मधुरिमा लाल ने कहा कि इस समय बच्चों की मन:स्थिति काउन्सलिंग के माध्यम से सम्भालना अत्यंत आवश्यक है और ऐसे में उनका प्रयास बच्चों तक ऑनलाइन पहुंचकर उनका मनोबल बढ़ाना है ताकि भविष्य में सब नोर्मल होने की स्थिति में उनके कैरियर में कोई बड़ा व्यवधान न आये। इसी कारण इनके प्रथम सेग्मेंट के बाद उनको स्वरोज़गार सर्जन के विविध आयामों से भी ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसका कार्यक्रम शीघ्र ही जारी किया जाएगा।







