बहरहाल वो स्वस्थ हैं और अपनी गलती भी मान चुके हैं
मुंबई,24 जुलाई 2018: पिछले कुछ दिनों से बॉलीवुड एक्टर और एक्ट्रेस के बीमार होने की खबरें आम हो रही हैं, ऐसे में खबर आई थी कि गायक लकी अली को भी कैंसर हो गया है और इसके सुबूत के तौर पर लकी अली द्वारा किए गए कीमोथेरेपी वाले ट्विट को बताया गया। अब जबकि सत्य सभी के सामने आ गया तो कहा जा रहा है कि यह सब अफवाह था, लकी अली तो स्वस्थ हैं और उन्हें कोई बीमारी नहीं है।
मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं: लकी अली
आशंका के चलते लकी अली ने खुद ही स्पष्ट किया है कि “मैं पूरी तरह स्वस्थ हूं। कैंसर मुझे नहीं हुआ है। मैंने यह पोस्ट इसलिए नहीं किया कि लोग डरें, मैं ठीक हूं और इस वक्त हिमालय की गोद में बैठा हुआ हूं।’ इसके साथ ही पोस्ट करने का कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि ‘दरअसल, पिछले हफ्ते मेरे एक दोस्त की कैंसर से मौत हो गई। वह कीमोथेरेपी करा रहा था, जिसके चलते उसने बहुत ही दर्द सहा। मुझे पता है कि मेरे लिखे इस पोस्ट से अनेक लोग कंफ्यूज हुए होंगे, इसके लिए मैं माफी चाहता हूं।’ इसके आगे लकी ने जो कहा वह उनके दोस्त के बिछड़ने के गम को जाहिर करता है, लेकिन कैंसर का जो इलाज बेहतर हो सकता है वह किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान और उनके बाद ही सोनाली बेंद्रे को इलाज कराने विदेश जाना पड़ा है, जिससे सभी लोग चिंतित हैं, ऐसे में लकी अली का यह ट्वीट लोगों को हैरान-परेशान करने जैसा रहा है। बहरहाल वो स्वस्थ हैं और अपनी गलती भी मान चुके हैं।







