लखनऊ। अगले महीने की पांच सितम्बर से लखनऊवासियों को मेट्रो की बड़ी सौगात मिलने वाली है। शहर में मेट्रो के संचालन की खबर से ही शहरवासियों में पहले दिन ही मेट्रो का सफर करने को लेकर बेहद उत्सुकता है। शहरवासियों को मेट्रो तक पहुंचने में आसानी हो इसके लिए लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज प्रबंधन ने तेजी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। सिटी बस से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण में ट्रांसपोर्टनगर से चारबाग के बीच संचालित मेट्रो के लिए बनाए गए आठ मेट्रो स्टेशनों तक सिटी बसें आउटर इलाकों के निवासियों को पहुंचाने का काम करेंगी। बुधवार को सप्रू मार्ग स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पर सिटी बस एमडी ने दोनों सिटी बस डिपो के एआरएम के साथ बैठक कर बसों के संचालन को लेकर बैठक की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
शहरवासियों के पास अगर अपना निजी साधन नहीं है और उन्हें मेट्रो से सफर करना है तो मेट्रो स्टेशनों तक पहुंचने में उन्हें किसी तरह की कोई समस्या नहीं होगी। सिर्फ उन्हें सिटी बसों की ओर रुख करना होगा। सिटी बसें यात्रियों को मेट्रो स्टेशन तक पहुंचाएंगी। लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एके सिंह ने बुधवार को यात्री सुविधा को ध्यान में रखकर गोमतीनगर डिपो के एआरएम डीके गर्ग और दुबग्गा डिपो के एआरएम शियाराम पांडेय के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि बैठक में अधिकारियों को साफ तौर पर मेट्रो स्टेशनों तक यात्रियों को पहुंचाने के लिए सिटी बसों की हालत दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्टनगर से चारबाग के बीच संचालित होने वाली मेट्रो के लिए अभी कुल आठ स्टेशन तैयार किए गए हैं। इन आठों स्टेशनों तक आउटर इलाकों में रहने वाले लोगों को सिटी बस समय पर पहुंचाएगी। एमडी ने बताया कि किसी यात्री को अगर ट्रांसपोर्टनगर मेट्रो स्टेशन तक रजनीखंड, बिजनौर, दुबग्गा या अन्य इलाकों से आना है तो वे सिटी बस 45 व 23 नंबर की सिटी बस पकड़कर आराम से मेट्रो स्टेशन पहुंच सकेंगे। इसके अलावा मोहनलालगंज से आने वाली बसें सीधे आलमबाग स्थित मेट्रो स्टेशन तक यात्रियों को पहुंचाने का काम करेंगी। इसी तरह बाराबंकी की तरफ से आने वाले यात्री जो सीधे चारबाग पहुंचते हैं उन्हें बाराबंकी से चारबाग मेट्रो स्टेशन तक आसानी से सिटी बसों की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि सुबह छह से रात 10बजे तक जो मेट्रो के संचालन का समय निर्धारित किया गया है इसी समय तक सिटी बसें भी संचालित की जाएंगी।







