मुंबई : अंधेरी पुलिस ने रियल एस्टेट कंपनी मेसर्स रणबीर रियल एस्टेट एंड डेवलपर्स के निदेशक जयकुमार गुप्ता और उनके पुत्र सुयश गुप्ता के खिलाफ जोगेश्वरी ईस्ट की एक रीडेवलपमेंट परियोजना में निवेश पर 18% वार्षिक रिटर्न का वादा कर 18 निवेशकों से कुल ₹31.26 करोड़ की ठगी करने का मामला दर्ज किया है।
मुख्य शिकायतकर्ता गुजरात के व्यवसायी महेश दोशी ने बताया कि अप्रैल 2021 में उन्होंने और उनके परिजनों ने कंपनी को ₹8.26 करोड़ का निवेश किया था। कंपनी ने 2021 से सितंबर 2024 तक ब्याज का भुगतान किया, लेकिन इसके बाद ब्याज बंद कर दिया और मूलधन लौटाने से भी इनकार कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि इसी तरह की शिकायत अन्य 17 निवेशकों ने भी की है। सभी निवेशकों से कुल ₹31.26 करोड़ जुटाए गए थे।
मामला IPC की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी) और 34 (साझा इरादा) के तहत दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। बता दें कि आरोपियों का पक्ष अभी सामने नहीं आया है लेकिन जांच जारी है।







