नई दिल्ली, 09 जनवरी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में यूपी के पांच जिले मथुरा, शामली, सहारनपुर, अलीगढ़ व बिजनौर शामिल होंगे। प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन विभाग मुकुल सिंघल ने इस संबंध में एनसीआर बोर्ड को प्रस्ताव भेज दिया है। इस पर अंतिम फैसला अब एनसीआर बोर्ड करेगा। आवास एवं शहरी नियोजन विभाग ने मथुरा, शामली, सहारनपुर, अलीगढ़ व बिजनौर के डीएम को पत्र भेजकर जिले के बारे में पूरी जानकारी मांगी थी।
इसमें पूछा गया कि शहर की कुल आबादी कितनी है, शहरों में मूलभूत सुविधाएं क्या-क्या हैं। इन जिलों के एनसीआर में शामिल करने के बाद कितनी सुविधाओं की जरूरत पड़ेगी। आवास विभाग ने रिपोर्ट के बाद इन जिलों को एनसीआर में शामिल करने का प्रस्ताव बोर्ड को भेजा है। गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, बागपत और मुजफ्फरनगर एनसीआर में शामिल हैं। क्या होगा फायदा : इन जिलों को एनसीआर में शामिल किए जाने से देश की राजधानी दिल्ली में बढ़ती जनसंख्या का दबाव कम होगा। कारपोरेट घरानों को ऑफिस खोलने के लिए इन जिलों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।







