सीतापुर, 14 मई: दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर में आयोजित ‘यूपी फ्यूचर ग्रैंडमास्टर शतरंज श्रृंखला’ का पहला संस्करण उत्साह, प्रतिभा और रोमांच के साथ शानदार ढंग से संपन्न हुआ। चार दिनों तक चली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से आए युवा शतरंज खिलाड़ियों ने अपनी बुद्धिमत्ता और रणनीतिक कौशल का लोहा मनवाया।
इंटरनेशनल मास्टर आर्यन वार्ष्णेय ने अपराजेय प्रदर्शन के साथ 8 में से 8 अंक हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाया। उनके खेल में तकनीकी निपुणता, रणनीतिक गहराई और अद्भुत आत्मविश्वास ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दूसरे स्थान के लिए रोमांचक मुकाबले में रामानुज मिश्रा और रक्षित शेखर द्विवेदी ने 6.5 अंक अर्जित किए। टाई-ब्रेक स्कोर के आधार पर रामानुज उपविजेता रहे, जबकि रक्षित को तीसरा स्थान मिला। अनिल बाजपेई, जीशान अली, वैभव मौर्य, कार्तिक खेतवाल, आरव गुप्ता, अनंत पंवार और आयुष सक्सेना ने भी 6-6 अंक के साथ शानदार प्रदर्शन कर चौथे से दसवें स्थान तक अपनी जगह बनाई।
लिटिल फ्लावर स्कूल, गोरखपुर ने स्कूल टीम चैंपियनशिप का खिताब जीतकर गौरव बढ़ाया, जबकि मेजबान दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर को सर्वश्रेष्ठ सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में डीपीएस सीतापुर शिक्षा संस्थान की चेयरपर्सन श्रीमती तनुश्री मेहरोत्रा ने विजेताओं को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने आयोजकों, निर्णायकों और प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा, “यह आयोजन उत्तर प्रदेश में शतरंज की नई प्रतिभाओं को उभारने का एक सुनहरा कदम है।”
प्रतियोगिता संयोजक श्री आनंद सिंह ने बताया कि इस श्रृंखला का लक्ष्य युवा खिलाड़ियों को ग्रैंडमास्टर बनने के लिए प्रेरित करना और उन्हें एक मजबूत मंच देना है। उन्होंने अगली कड़ी को और भव्य स्तर पर आयोजित करने की घोषणा की, जिससे शतरंज प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ गई।







