जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने आज पार्टी मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में बिहार प्रदेश जदयू सवर्ण प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित मिलन समारोह में बिहार के विभिन्न जिलों के 500 से अधिक नौजवान साथियों को जदयू की सदस्यता दिलाई।
इस मौके पर लोकसभा में जदयू संसदीय दल के नेता श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा, पूर्व विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह, राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह, प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार, चंदन कुमार सिंह, जदयू प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप, क्षेत्रीय प्रभारी परमहंस, कामाख्या नारायण सिंह, अरुण कुशवाहा, अशोक कुमार बादल, आसिफ कमाल, मृत्युंजय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सवर्ण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नीतीश टनटन ने किया।
श्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने इस मौके पर कहा कि ये पहली बार हुआ है कि किसी पार्टी ने सवर्ण प्रकोष्ठ का गठन किया हो। उन्होंने इसके लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री आरसीपी सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकोष्ठ से ज्यादा से ज्यादा नौजवान साथियों को जोड़ें क्योंकि वे सबसे ज्यादा दिग्भ्रमित हैं। उन्होंने होश संभालते ही विकसित बिहार को देखा। 2005 से पहले की स्थिति कितनी भयावह थी, उन्हें पता ही नहीं।
बिजली, सड़क, पानी के लिए लोग तरसा करते थे, अपहरण का उद्योग चल रहा था, फिरौती की रकम कहां तय होती थी ये किसी से छिपा नहीं। आज बिहार में किसी की हिम्मत नहीं कि गाड़ी से राइफल की नोक निकाल कर चल सके। सवर्ण प्रकोष्ठ की जिम्मेवारी है कि गांव-गांव घूमकर नौजवानों को 2005 से पहले और उसके बाद का अंतर बताएं।
प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने जदयू परिवार के सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि वे श्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों तथा उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्हें संगठन का भरपूर सहयोग मिलेगा।







