मतदान मेरा अधिकार, मतदान मेरी जिम्मेदारी, वोट जरूर दीजिये
लखनऊ 25 नवंबर। युवा महोत्सव के अंतर्गत शनिवार को एक्सेलिया स्कूल के बच्चों ने मतदाताओं को वोटिंग के प्रति जागरूक किया। हजरतगंज स्थित जीपीओ, पटेल पार्क में बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के जरिये मतदान का महत्व बताया, भ्रष्ट नेताओं का चेहरा दिखाया और लोगों से साफ-सुथरे उम्मीदवारों को वोट करने की अपील की। इस दौरान गांधी प्रतिमा के समक्ष बच्चों ने मतदान मेरा अधिकार, मतदान मेरी जिम्मेदारी, वोट जरूर दीजिये, चलो हम वोट करें आदि नारे लगाकर मौजूद लोगों में जोश भर दिया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि मनकामेश्वर मंदिर की महंत देव्या गिरि ने बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों को मतदान करने की शपथ दिलायी। देव्या गिरि ने कहा कि हम अपने अधिकारों के प्रति तभी सचेत कहे जाएंगे, जब हम अनिवार्य रूप से मतदान करें।
वहीं युवा महोत्सव के संयोजक श्री मयंक रंजन ने लोगों से नगर निगम चुनावों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि हर खराब कार्य के लिए नेताओं को ही नहीं कोसा जाना चाहिए। हमें अपनी जिम्मेदारी पर भी गौर करना चाहिए, इसलिए वोट जरूर करें।
नुक्कड़ नाटक का लेखन और निर्देशन रंगकर्मी श्री अल्तमश ने किया। वहीं कलाकारों में समीक्षा सूद, इशिता सिंह, ईशान प्रताप सिंह, सुयश सिन्हा, कनिष्क मित्तल, सानिध्य पाण्डे, शुजा अहमद और आदित्य राज यादव ने शानदार अभिनय कर लोगों को मन मोह लिया। इस मौके पर एक्सेलिया स्कूल के महाप्रबंधक शेखर वार्ष्णेय, संगीता और युवा महोत्सव की टीम, जवाहर भवन-इंदिरा भवन कर्मचारी महासंघ के महामंत्री सुशील कुमार बच्चा, इंदिरा नगर आवासीय महासमिति के संगठन मंत्री नितिन पटेल खास तौर पर उपस्थित रहे।
इस नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम के साथ ही युवा महोत्सव के अंतर्गत चल रहे पांच दिवसीय वोट जागरूकता कार्यक्रम का समापन भी हो गया। दिनांक 21 नवम्बर से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन गोमती नगर, रायबरेली रोड, पारा, ओमेक्स सिटी आदि में किया गया।






