गाजीपुर, 22 अप्रैल 2020: जनपद के मरदह थाना अंतर्गत स्थित पंडिता गांव में बुधवार की सुबह अपने खेत में काम कर रहे मंजीत यादव पुत्र अवधेश यादव (उम्र 18 वर्ष) को जंगली सुअर ने हमला करके गम्भीर रूप से जख्मी कर दिया। घायल युवक को उपचार हेतु मऊ स्थित जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी।
पुलिस के अनुसार जंगली सुअर ने गांव के बाहर खेत में पंडिता गांव निवासी रामपत यादव (60 वर्ष) , प्रिंस यादव (20 वर्ष) एवं नोनरा गांव निवासी सन्दीप पासी (16 वर्ष), खटाई पासी (20 वर्ष), गुलशन पासी (14 वर्ष) को भी जख्मी कर दिया। सभी घायलों का उपचार मरदह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। सभी घायलों की हालत सामान्य है। आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने सिवान में आदमखोर सुअर को घेर कर मार डाला। जंगली सुअर के हमले में मृत मंजीत यादव के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।







