लखनऊ, 03 मार्च 2019: शनिवार बीती रात कृष्णानगर इलाक़े में ज्वैलर्स की दुकान में लूट के दौरान दो लोगों की हत्या के विरोध में चौक सर्राफ़ा की दुकाने बंद रहीं।
यह था मामला:
लखनऊ आलमबाग के कृष्णा नगर इलाके के राम नगर सराफ बाजार में शनिवार देर रात हथियारों से लैस तीन बदमाशों ने श्री आर के ज्वेलर्स में ताबड़तोड़ लूटपाट कर फायरिंग की और विरोध करने पर शोरूम मालिक राजीव गुप्ता, आईसीआईसीआई बैंक के गार्ड देशराज और गुड्डू पटवा को गोली मार दी। बदमाशों ने शोरूम से बाहर निकल कर भी करीब 10 राउंड फायरिंग की और पास खड़ी महिला मनीषा नाम की महिला को भी गोली मार दी। जानकारी के अनुसार देशराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि गुड्डू पटवा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। ट्रामा सेंटर में भर्ती दोनों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है वारदात के बाद बदमाश बाइक पर सवार हो कर फरार हो गए। बता दें कि इस सनसनीखेज हत्याकांड मामले में पुलिस अपराधियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

सपा ने कहा यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त:
इस बीच सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लखनऊ के आलमबाग में बीच बाजार घटी गोलीबारी-डकैती की घटना भाजपा की नाकाम सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक तरफ व्यापार को खत्म कर दिया है, दूसरी तरफ अनियंत्रित अपराध से व्यापारी खत्म हो रहे हैं। अब इस चुनाव में व्यापारी खुद ही भाजपा को खत्म कर देंगे।
श्री यादव ने कहा कि जब प्रदेश की राजधानी में ही कानून व्यवस्था की यह स्थिति है तो पूरे राज्य में स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। दो दिन पूर्व बस्ती में एक अधिवक्ता की हत्या से पूरा प्रदेश थर्राया हुआ है। चारों तरफ अराजकता का बोलबाला हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार के दो वर्ष बाद भी कानून व्यवस्था पर कोई पकड़ नहीं बन सकी।







