■ जंगलराज की पहचान याद दिलाई
नवादा (बिहार): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के दौरान रविवार को नवादा में जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि 11 नवंबर के बाद बिहार की जनता सब देखेगी राजद और कांग्रेस आपस में सिर फोड़ेंगे।
सभा की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने मगही भाषा में लोगों को संबोधित करते हुए कहा, “यह मगही पान की धरती है। मैं बनारस का सांसद हूं, इसलिए मगही पान और बनारस का नाता बहुत पुराना है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘नवादा, गया, नालंदा, औरंगाबाद, जहानाबाद और अरवल’ जैसे इलाके अपार संभावनाओं से भरे हुए हैं। उन्होंने ‘श्रीकृष्ण बाबू, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और भोला सिंह ‘जैसे जनसेवकों को याद करते हुए कहा कि बिहार की यह धरती हमेशा समाज परिवर्तन की प्रतीक रही है।

मोदी ने जनता से अपील की कि बिहार को फिर से उसके पुराने गौरव की ओर ले जाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा, “मगध की धरती ने हमेशा दिशा दिखाई है। अब समय है विकास की नई गाथा लिखने का। एनडीए की सरकार ही बिहार को विकसित राज्य बनाएगी।”
https://x.com/i/broadcasts/1yNGabdElwRJj
प्रधानमंत्री ने ‘राजद और कांग्रेस’ पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों पार्टियां अब दो परिवारों की संपत्ति बन चुकी हैं। एक परिवार बिहार में भ्रष्टाचार का प्रतीक है, तो दूसरा दिल्ली में। उन्होंने कहा कि अब इन दोनों परिवारों के बीच ही जंग शुरू हो गई है और इसका खामियाजा जनता नहीं भुगतेगी।
मोदी ने जनता से एनडीए के उम्मीदवारों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि राज्य में जोश देखकर साफ है कि बिहार एक बार फिर **एनडीए सरकार** बनाने जा रहा है।







