सपा सरकार बनी तो जिनकी छुग्गियां छीनीं गई हैं, उन्हें वहीं बनाकर देंगे मकान
समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आज मंहगाई कितनी बढ़ गई है। दाल, सरसों का तेल कितना महंगा हो गया है। सरकार से जब पूछा गया कि सरसों का तेल मंहगा क्यों हो गया? तो सरकार कहती है कि हमने इसमें मिलावट नहीं की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की अदूरदर्शी नीतियों की वजह से गरीब वर्ग के लोग परेशानी में पड़ गए हैं। स्थितियां तभी सामान्य होंगी जब राज्य में सपा की सरकार बनेगी।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि मुख्यमंत्री आवास बना हुआ है, उसका भी नक्शा पास नहीं है। ऐसी लंबी सूची होगी। सपा अध्यक्ष ने फैजाबाद-अयोध्या के गरीबों का जिक्र करते हुए कहा कि रात में उनका घर छीन लिया गया। रात में बुलडोजर चला दिया गया। सरकार मनमानी कर रही है और कानून को नहीं मान रही है। अखिलेश ने कहा कि जब कभी भी समाजवादी सरकार प्रदेश में बनेगी तो आपके घर जो तोड़े गए हैं वो वहीं बनाकर दिए जाएंगे।
अलीगढ़ में विश्वविद्यालय का पीएम द्वारा उद्घाटन किए जाने पर तंज कसते हुए सपा मुखिया ने कहा कि आजीवन साम्प्रदायिकता और संकीर्ण राजनीति के विरोधी रहे व भाजपा के पूर्वगामियों की ज़मानत ज़ब्त कराने वाले राजा महेन्द्र प्रताप सिंह के नाम पर नया विश्वविद्यालय बनाना भाजपाई ढोंग है जबकि उनके बनाए गुरुकुल विश्वविद्यालय वृंदावन को भाजपा सरकार ने नक़ली विवि घोषित करके उनका अपमान किया है।