कोच्चि, 11 सितंबर : भारतीय बैडमिंटन संघ (बाइ) दिग्गज खिलाडी प्रकाश पादुकोण को इस खेल में महत्वपूर्ण योगदान के लिये पहले लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित करेगा।
बाइ अध्यक्ष हिमांता विश्वास सरमा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में इन पुरस्कारों की घोषणा करते हुए कहा कि लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड के तहत प्रशस्ति पत्र और दस लाख रूपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बाइ ने बेंगलुरू में कार्यकारिणी की पिछली बैठक में फैसला किया था कि महासंघ बैडमिंटन के क्षेत्र में अहम योगदान देने वाले एक व्यक्ति को हर वर्ष लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित करेगा।
सरमा ने कहा, पादुकोण को सम्मानित करने का फैसला यहां संघ की कोर कमेटी की बैठक में किया गया। वह लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड हासिल करने वाले पहले व्यक्ति होंगे। हम उन्हें सम्मानित करने के लिये नयी दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
पादुकोण ने 1980 में आल इंग्लैंड का खिताब जीता था। इसके अलावा उन्होंने 1983 में कोपेनहेगेन में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया था। उन्होंने 1978 राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था।
उन्हें 1972 में अर्जुन पुरस्कार और 1982 में पदमश्री से सम्मानित किया गया था।







