नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश कैडर के रिटायर्ड वरिष्ठ IAS अधिकारी नवनीत कुमार सहगल ने आज प्रसार भारती (Prasar Bharati) के चेयरमैन पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया। करीब डेढ़ साल पहले अप्रैल 2024 में उन्हें यह जिम्मेदारी मिली थी। उनके अचानक इस्तीफे से दिल्ली के पावर कॉरिडोर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। अभी तक इस्तीफे की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है।
1988 बैच के यूपी कैडर के इस अधिकारी को उत्तर प्रदेश की सियासत में “सुपर IAS” के नाम से जाना जाता था। मायावती, मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव से लेकर योगी आदित्यनाथ तक, हर सरकार में वे सबसे ताकतवर और भरोसेमंद अफसर बने रहे।
एक नजर नवनीत सहगल के करियर पर:
- मूल रूप से पंजाब के फरीदकोट के रहने वाले, शुरुआती पढ़ाई अंबाला में हुई
- सिविल सर्विस में आने से पहले चार्टर्ड अकाउंटेंसी की पढ़ाई शुरू की थी
- 2002 में मायावती सरकार ने लखनऊ का DM बनाया
- सूचना, ऊर्जा, MSME, खेल जैसे अहम विभागों की कमान संभाली
- अखिलेश सरकार में सबसे करीबी और प्रभावशाली अफसर माने गए
- योगी सरकार में भी प्रिंसिपल सेक्रेटरी (सूचना) के पद पर रहे
- रिटायरमेंट के बाद 2024 में प्रसार भारती चेयरमैन नियुक्त हुए थे
रिटायरमेंट के बाद उनके राजनीति में आने की भी लगातार अटकलें लगती रही थीं, लेकिन उन्होंने कभी खुलकर कोई बयान नहीं दिया। अब प्रसार भारती जैसे हाई-प्रोफाइल पद से अचानक इस्तीफा कई सवाल खड़े कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में उनके अगले कदम की घोषणा हो सकती है।
फिलहाल सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने उनके इस्तीफे पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।







