- अधीक्षण अभियन्ता लेसा सीपी यादव द्वारा षडयंत्र कर उप खण्ड अधिकारी चिनहट श्री अवनीश कुमार के खिलाफ कार्यवाही कराने से दलित अभियन्ता भड़के।
- 40 मीटर से अधिक दूरी पर जब अवर अभियन्ता ने दिया कनेक्शन तो दलित उप खण्ड अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही क्यों?
- गोमती नगर में 5 वर्षो से जमे अधीक्षण अभियन्ता पर कार्यवाही क्यों नहीं?
लखनऊ। मध्यान्चल विद्युत वितरण निगम लेसा अन्तर्गत एक अवर अभियन्ता द्वारा 40 मीटर से अधिक दूरी पर नियम विरूद्ध बिजली का नया कनेक्शन देने के सम्बन्ध में उप खण्ड अधिकारी चिनहट अवनीश कुमार के खिलाफ अधीक्षण अभियन्ता श्री सीपी यादव द्वारा करायी जा रही बेबुनियाद कार्यवाही के विरोध में उप्र पावर आफिसर्स एसोसिएशन की प्रान्तीय कार्य समिति की बैठक में काफी गुस्सा जाहिर करते हुए सभी दलित अभियन्ताओं ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया।
एसोसिएशन का मानना है कि 40 मीटर से अधिक दूरी पर जिस भी अभियन्ता द्वारा गलत तरीके से कनेक्शन दिया गया, उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही हो। एसोसिएशन ऐसी कार्यवाही का हमेशा स्वागत करेगा, परन्तु उप खण्ड अधिकारी चिनहट द्वारा 40 मीटर से अधिक दूरी पर कोई भी कनेक्शन नहीं दिया गया है। ऐसे में उनके खिलाफ कार्यवाही हेतु षडयंत्र कराया जाना पूरी तरह गलत है। अवर अभियन्ता को 4 किलोवाट तक घरेलू कनेक्शन स्वतंत्र रूप से देने का अधिकार है, ऐसे में उप खण्ड अधिकारी का नाम पूरे मामले में घसीटना पूरी तरह दलित विरोधी कार्यवाही को दर्शाता है।
प्रान्तीय कार्यसमिति की बैठक के बाद उप्र पावर आफीसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष केबी राम, कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा, सचिव आरपी केन, ट्रांन्सको अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह संगठन सचिव व लेसा अध्यक्ष अजय कुमार वरिष्ठ सदस्य श्री एसपी सिंह ने कहा कि लेसा प्रशासन द्वारा यदि अधीक्षण अभियन्ता श्री सीपी यादव की संस्तुति पर उप खण्ड अधिकारी चिनहट के खिलाफ कोई भी कार्यवाही की गयी तो एसोसिएशन चुप नहीं बैठेगा। पूर्व में भी अधीक्षण अभियन्ता श्री सीपी यादव द्वारा एक दलित सहायक अभियन्ता के खिलाफ षडयंत्र कर उसे हटवा दिया गया था और अब पुनः उनके द्वारा इस प्रकार की कार्यवाही कराने का षडयंत्र किया जा रहा है, जो यह साबित करता है कि उनकी पूरी मानसिकता दलित विरोधी है। श्री यादव गोमती नगर में लगभग 5 वर्षों से जमे हैं, यदि उनकी संस्तुति पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही हो रही है तो उनके खिलाफ कब कार्यवाही होगी।
बैठक में प्रमुख रूप से श्री अवनीश कुमार, सहायक अभियन्ता, श्री जय प्रकाश, सहायक अभियन्ता, श्री अजय कन्नौजिया, सहायक अभियन्ता, श्री आनन्द कन्नौजिया, श्री जितेन्द्र, श्री रंजीत उपखण्ड अधिकारी सहित अनेकों पदाधिकारी उपस्थित थे।







