- पावर आफिसर्स एसोसिएशन ने उदय व पॉवर फॉर ऑल सहित अन्य बिजली योजनाओं को सफल बनाने हेतु आयोजित की संगोष्ठी।
- एसोसिएशन ने बिजली विभाग में नवनियुक्त सहायक अभियन्ताओं व प्रोन्नत अधिशासी अभियन्ताओं का किया स्वागत और बिजली क्षेत्र में सुधार के लिये दिये गये टिप्स।

लखनऊ 3 अक्टूबर। उप्र पावर आफिसर्स एसोसिएशन के तत्वाधान में आज सियोना रेजीडेन्सी, चारबाग के सभागार में पॉवर फॉर ऑल व उदय सहित अन्य विद्युत योजनाओं की सफलता हेतु एक संगोष्ठी का आयोजन सांय 6 बजे से किया गया, जो देर रात तक चलता रहा। जिसमें सभी नवनियुक्त दलित सहायक अभियन्ताओं व पदोन्नति प्राप्त अधिशासी अभियन्ताओं का स्वागत करते हुए उन्हें इन योजनाओं को हर हाल में सफल बनाने हेतु मूल मन्त्र व टिप्स दिये गये और उन्हें संगठन को मजबूत कर आगे बढ़ने की सलाह दी गयी। संगोष्ठी की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष इंजी. केबी राम व संचालन एसोसिएशन सचिव इंजी. आरपी केन व सहसंचालन अति. महासचिव इंजी. अनिल कुमार ने किया।
मुख्य वक्ता के रूप संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए उप्र पावर आफीसर्स एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि केन्द्र व उप्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पॉवर फॉर ऑल’ व ‘उदय’ योजना को सभी अभियन्ताओं को मिलकर सफल बनाना होगा। वर्तमान में उदय योजना पर ध्यान दे तो बिजली कम्पनियों का कुल घाटा लगभग 73 हजार करोड़ पहुंच गया है, जिसमें 53211 बैंकों का लोन था। उदय स्कीम के तहत हर हाल में एटीसी हानियों को वर्ष 2020 तक 14.86 प्रतिशत तक लाना है। प्रदेश में आगामी वर्ष में लगभग 123808 मिलियन यूनिट बिजली की आवश्यकता होगी, जिसकी कुल लागत लगभग 48669 करोड़ रूपये है। जिसमें से जो बिजली बेची जानी है, वह केवल 94795 मिलियन यूनिट बिजली है। यानि कि लगभग 5 हजार से 6 हजार करोड़ की बिजली चोरी में चली जाती है। जिस पर अंकुश लगाने के लिये सभी कार्मिकों को अपना 100 प्रतिशत योगदान देना होगा।

इसी प्रकार पावर फार आल को सफल बनाने के लिये हर घर को बिजली मिले इसके लिये आवश्यक है कि बड़े पैमाने पर नये कनेक्शन को कैम्प लगाकर जारी किया जाये और शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाये। जब तक हर घर को बिजली नहीं मिलेगी तब तक सही मायने में बिजली के क्षेत्र में समानता रूपी क्रान्ति नहीं आ सकती। सभी नवनियुक्त अभियन्ताओं से अपील है कि वह सरकार की योजनाओं को सफल बनाने के लिये पूरी ईमानदारी व निष्ठा से काम करें। संगोष्ठी में विद्युत वितरण संहिता, विद्युत अधिनियम 2003, कास्ट डाटा बुक से सम्बन्धित महत्वपूर्ण तथ्यों से भी नवनियुक्त अभियन्ताओं को अवगत कराया गया।
संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे एसोसिएशन के अध्यक्ष इंजी केबी राम, अति महासचिव अनिल कुमार, सचिव आरपी केन, ट्रांन्सको अध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह, संगठनमंत्री पीएम प्रभाकर, संगठन सचिव व लेसा अध्यक्ष अजय कुमार सिविल इकाई अध्यक्ष बीना दयाल ने कहा कि सभी नवनियुक्त अभियन्ताओं को निडर होकर सरकार की योजना को आगे बढ़ाते हुए एसोसिएशन को मजबूत करना है। किसी भी स्तर पर उनके साथ किसी भी प्रकार की उत्पीड़ात्मक घटना नहीं होने दी जायेगी, एसोसिएशन अपने सभी सदस्यों के हितों के प्रति हमेशा सजग होकर कार्य करती रहेगी।
संगोष्ठी में सैकड़ों की संख्या में अभियन्ताओं ने भाग लेकर अपने विचार व्यक्त किये और कहा पावर फार आल व उदय को सफल बनाने के लिये लगायेंगे पूरी ताकत।







