लखनऊ, 21 फरवरी। ‘आजाद भारत कांग्रेस’ की आज पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों एवं जिला अध्यक्षों की एक बैठक आयोजित की गयी, जिसमें देश में लगातार खुल रहे घोटालों पर चर्चा हुई। पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुये प्रदेश अध्यक्ष बसंत यादव ने कहा कि देश में हो रहे बैंक घोटालों पर चिन्ता व्यक्त की गयी। ये घोटाले लोकतंत्र व देश के लिए चिन्ता की बात है। हमारा देश विकासशील देश है, इस देश में अगर इस तरह के घोटाले होते रहे तो वह दिन दूर नहीं कि लोकतंत्र खतरे में आ जायेगा बल्कि अर्थव्यवस्था भी चौपट हो जायेगी, जिससे लोकतंत्र को बचाना बहुत मुश्किल हो जायेगा।
पार्टियां अपनी-अपनी जिम्मेदारी से दूर भाग रही है: बसंत यादव
उन्होंने कहा कि जब भी कोई बड़ा घोटाला खुल कर सामने आता है तो भाजपा-कांग्रेस एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाना शुरू कर देते हैं। परन्तु चर्चा का विषय यह है कि इन दो पार्टियों ने ही देश पर लगातार शासन किया है। घोटाला खुलते ही ये पार्टियां अपनी-अपनी जिम्मेदारी से दूर भागने लगती है और एक दूसरे पर दोषारोपण करने में जुट जाती हैं, जबकि हमारे देश की जनता अपने-आपको ठगा महसूस समझने लगती है। भाजपा व कांग्रेस दोनों ही पार्टियां ज्यादा समय तक सत्ता पर काबिज रही हैं और सत्ता तथा विपक्ष का सुख भोगती रही है तो जिम्मेदारी इन्हीं पार्टियों को लेनी चाहिए।
जब घोटालेबाज जनता की गाढ़ी कमाई लेकर भाग जाते हैं तब सरकार की आंख खुलती है, तमाम तरह की जाचें शुरू होती है। जबकि भगोड़ा किसी दूसरे देश में मौज-मस्ती में मशगूल रहता है। इसके चलते वह दिन दूर नहीं कि इन नेताओं को जनता समय आने पर जवाब जरूर देगी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने देश में हो रहे इन घोटालों रोष प्रकट किया।
इस बैठक में जिलाध्यक्ष सुख वर्मा, अनीता, पुत्तीलाल वरतीलाल, राकेश यादव, कुलदीप यादव, अनुज यादव, सर्वेश वर्मा, लवलेश यादव, ओपी मिश्रा, प्रवीन शुक्ला, कमलराम, रामसनेही आदि मौजूद रहे।







