एसोसिएशन की बैठक में उठी मांग सभी दोषियों को अविलम्ब किया जाये गिरफ्तार अन्यथा पूरे प्रदेश में होगा बड़ा आन्दोलन, दलित अभियन्ताओं ने सरकार से मांगा सुरक्षा व सम्मान
लखनऊ, 30 जनवरी। बदायूं में भाजपा जिलाध्यक्ष व 15 अज्ञात लोगों द्वारा दलित अधिशासी अभियन्ता विजेन्द्र सिंह के साथ उनके विद्दुत कार्यालय में घुसकर की गयी मारपीट का मामला आज उस समय गरमा गया जब उप्र पावर आफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पूरे प्रदेश में अलग-अलग बैठक कर भाजपा जिलाध्यक्ष बदायूं हरीश शाक्य सहित 15 अज्ञात लोगों की गिरफ़्तारी की मांग करने लगे, इस मामले में अभियन्ता द्वारा कल ही मुकदमा दर्ज करा दिया गया था और आज उन्हें अविलम्ब गिरफ्तार करने की मांग करते हुए दलित अभियन्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि गिरफ्तारी न हुई तो पूरे प्रदेश में बड़ा आन्दोलन होगा। पावर आफीसर्स एसोसिएशन के प्रान्तीय पदाधिकारियों की फील्ड हास्टल में बैठक के उपरान्त यह मुद्दा जोर शोर से छाया रहा कि दलित अभियन्ताओं के साथ इस प्रकार का व्यवहार बढ़ रहा है इसलिये सरकार उन्हें सुरक्षा व सम्मान अविलम्ब मुहैया कराये।

प्रान्तीय कार्यसमिति की बैठक के बाद उप्र पावर आफीसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष केबी राम, कार्यवाहक अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा, अति. महासचिव अनिल कुमार, सचिव आरपी केन, संगठन सचिव व लेसा अध्यक्ष अजय कुमार संगठन सचिव प्रेम चन्द्र व रंजीत कुमार ने कहा कि कल जनपद बदायूं में जिस प्रकार से दलित अधिशासी अभियन्ता विजेन्द्र सिंह के साथ उनके कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष बदायूं श्री हरीश शाक्य व उनके समर्थकों द्वारा मारपीट की गयी। वह बेहद निन्दनीय है। एसोसिएशन द्वारा पूरे मामले की जानकारी पावर कार्पोरेशन व मध्यांचल प्रबन्धन को दे दी गयी है और एसोसिएशन लगातार अपनी मांग पर अडिग है कि सभी दोषी जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी है, उन सभी को गिरफ्तार किया जाये।







