लखनऊ, 26 मई: योगी आदित्यनाथ ने चंदौली में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परम रामभक्त हैं, उन्होंने 500 वर्षों के बाद अयोध्या में रामलला को दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान किया है। उन्होंने कहा कि भारत में सिर्फ बाबा साहब का ही संविधान चलेगा। मोदी सरकार ने ही बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का सम्मान किया है। मोदी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में बाबा साहब के पंच तीर्थ बनाए हैं।
काशी में काशी विश्वनाथ धाम के साथ ही भगवान मारकंडेय धाम का सौंदर्यीकरण सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। चंदौली में बाबा कीना राम के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार है। यहां की सड़कें फोर लोन की बन रही हैं। यहां पर फ्लाईओवर और पुल का जाल बिछाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चंदौली कृषि बाहुल्य क्षेत्र है। ऐसे में यहां सिंचाई के लिए किसानों को नई-नई सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ भी सबसे अधिक चंदौली को ही दिया गया है। श्रमिकों, गरीबों के अनाथ और निराश्रित बच्चों को अटल आवासीय विद्यालय में हाईटेक टेक्नलॉजी से शिक्षा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश में एक भी आतंकी वारदात नहीं हुई है। आज तो पटाखा भी जोर से फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देने लगता है। पिछले 10 वर्षों में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। हम एक नये भारत का दर्शन कर रहे हैं, जिसमें दुनिया में सम्मान बढ़ा है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद-नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगा है।







