कांग्रेस महासचिव ने शिक्षक भर्ती मामले में प्रतिभागियों से की फेसबुक लाइव से बात
कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने 69,000 सहायक शिक्षक भर्ती के कथित घोटाले के मामले में कहा कि जब से मैंने यूपी में काम करना शुरू किया, तब से मैं देख रहीं हूं कि ऐसी तमाम परीक्षा जो यूपी में हुई हैं, उनमें चीटिंग निकलती है। घोटाले होते हैं। भ्रष्टाचार की बात उठती है। इससे बहुत दु:ख होता है।
मंगलवार को प्रियंका वाड्रा प्रतियोगी छात्रों व पार्टी कार्यकर्ताओं से मंगलवार को फेसबुक लाइव पर बात कर रही थीं। उन्होंने फेसबुक लाइव में कहा कि मैं उत्तर प्रदेश के युवाओं, खास करके उन प्रतियोगी छात्र-छात्राओं से बात करना चाह रही हूं, जिन्होंने सुपरटेट 69,000 हजार की परीक्षा दी थी।
उन्होंने कहा कि आप सब जानते हैं कि हाल में परीक्षा के रिजल्ट्स आएं। उस रिजल्ट्स से बहुत आक्रोश और नाराजगी हुई है। मीडिया की रिपोर्ट्स से, छात्र-छात्राओं की बातों से पता चल रहा है कि इस परीक्षा में घोटाला हुआ, बहुत बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है।
महासचिव प्रियंका वाड्रा ने कहा कि आज जिन छात्राओं से मैं बात कर रही थी, वे मुझे बता रहीं थीं कि परीक्षा देने के लिए दो सौ किलोमीटर दूर गईं, लेकिन बार बार परीक्षा में हेर फेर हो रहा है। नकल के मामले उठते हैं। कभी परीक्षा रद्द होती है। जो अंक आते हैं उन पर नया नियम आ जाता है। पहले कटऑफ कुछ होता है। परीक्षा के बाद कुछ हो जाता है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मैं दिल्ली में रहती हूं, यह सोच भी नहीं सकती कि एक परीक्षा का रिजल्ट डेढ़ साल बाद आता है। रिजल्ट आने में इतना समय क्यों लग रहा है। अगर कोई घोटाला नहीं है। कोई गड़बड़ी नहीं है तो परिणाम पहले आने चाहिए। इस तरह के तमाम सवाल है जो इस परीक्षा के इर्दगिर्द उठने लगे हैं। उन्होंने कहा कि आज सुबह टॉपर गिरफ्तार हुए हैं और लोग गिरफ्तार हुए हैं। मैं पूछना चाहती हूं कि अगर यह परीक्षा साफ सुथरे ढंग से हुई है, पारदर्शिता बरती गई है तो लोग गिरफ्तार क्यों हो रहे हैं?







