अब आजम खां भाजपा के निशाने पर है: अखिलेश यादव
लखनऊ, 30 मार्च। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि वर्तमान प्रदेश सरकार बदले की भावना से विपक्ष का उत्पीड़न और बदनाम करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, ईमानदार और धर्मनिरपेक्ष छवि के वरिष्ठ समाजवादी नेता मो. आजम खां उनके निशाने पर रहते हैं। जबकि जल निगम की भर्तियों से उनका कोई लेना देना नहीं होने के बावजूद उनकी छवि बिगाड़ने की साजिशें हो रही हैं। भाजपा का यह आचरण लोकतांत्रिक और राजनीतिक मूल्यों की गिरावट का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केन्द्र में हो या राज्य में वे हर मोर्चे पर विफल साबित हुई हैं। समाज का हर वर्ग असंतुष्ट है। भाजपा सरकार नौकरी तो दे नहीं सकती, नौजवानों को बेरोजगार बनाने में आगे है। समाजवादी सरकार के समय की भर्तियों पर रोक लगाकर भाजपा ने अपनी विद्वेषपूर्ण मानसिकता का ही परिचय दिया है। विपक्ष के नेताओं को चुन-चुनकर अपमानित करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सरकार आई है उसने किसी को रोजगार नहीं दिया। शिक्षामित्रों, टीईटी प्रशिक्षुओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों पर खूब जुल्म हुआ। पुलिस ने लाठियां चलाई। उनके साथ नाइंसाफी हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का एजेण्डा गरीब, नौजवान, अल्पसंख्यक विरोधी है।







