भाजपा के आधे सांसदों के कामकाज से नाराज दिखे अमित शाह
नई दिल्ली, 07 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह की मिर्जापुर और आगरा की दो दिवसीय समीक्षा बैठक ने पार्टी सांसदों में दहशत पैदा कर दी है। हालत यह थे कि श्री शाह के तेवर देखकर भाजपा सांसदों के पसीने छूट गए। मीडिया को पार्टी कार्यकर्ताओं से मिली सूचनाओं के आधार पर अधिकतर सांसदों के कामकाज पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की है।
बता दें भाजपा के वरिष्ठ नेता ने शुक्रवार को मीडिया की बैठक में बताया कि बैठकों का मकसद ही पार्टी कार्यकर्ताओं से जमीन हालात की जानकारी प्राप्त करना था। श्री शाह ने आगरा में भी हुई बैठक के दौरान सांसदों के कामकाज पर असंतोष जाहिर किया। उन्होंने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं से जो जानकारी प्राप्त हुई है उसके आधार पर लगता है कि मौजूदा सांसदों में से लगभग आधे का टिकट कट सकता है।
सांसदों को बाहर ही रुक कर इंतजार करने को कहा गया
पार्टी की शक्ति का अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि मिर्जापुर में जब भाजपा अध्यक्ष भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यकर्ताओं के साथ बुधवार को बैठक कर रहे थे, तो उस समय सांसदों को बाहर ही रुक कर इंतजार करने को कहा गया था। यह बात उस समय और साफ हो गई जब उन्होंने गोरखपुर और अवध क्षेत्र के सांसदों के साथ बैठक में कहा कि आप के कामकाज से मैं संतुष्ट नहीं हूं। उन्होंने कानपुर और बुंदेलखंड के सांसदों के कामकाज पर भी असंतोष जाहिर किया।







