लखनऊ 07 अप्रैल। देश में सामाजिक सौहार्द बिगड़ने से बढ़ती अराजकता की स्थिति के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष श्री राहुल गांधी जी के निर्देशानुसार कांग्रेस पार्टी द्वारा देश भर में जिला/शहर एवं प्रदेश मुख्यालयों पर आगामी 09 अप्रैल को एक दिवसीय ‘उपवास’ कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। जिसके तहत राजधानी लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सहित प्रदेश के सभी जिला/शहर मुख्यालयों पर जिला/शहर कांग्रेस कमेटियों द्वारा ‘उपवास’ कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। राजधानी लखनऊ में होने वाले उपवास कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजबब्बर सांसद सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता वीरेन्द्र मदान ने आज जारी बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र एवं प्रदेश की सरकारों द्वारा देश और प्रदेश में जिस प्रकार सामाजिक वैमनस्यता को बढ़ाने और सामाजिक सौहार्द केा बिगाड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है उससे आम जनमानस में आक्रोश व्याप्त है।
जिस तरह से 02 अप्रैल को दलित संगठनों द्वारा किये गये शांतिपूर्वक भारत बन्द के आवाहन के दौरान आन्दोलन को उत्तर प्रदेश सहित अधिकतर भारतीय जनता पार्टी शासित प्रदेशों में सरकारों द्वारा अलोकतांत्रिक तरीके से लाठी, गोली के बल पर दबाने का प्रयास कर आन्दोलनकारियों पर दमनात्मक कार्यवाही की गयी, निन्दनीय है।
प्रवक्ता ने कहा कि इसी क्रम में प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर एवं प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हजरतगंज स्थित जीपीओ पार्क (गांधी प्रतिमा) पर आगामी 09 अप्रैल को प्रातः 10बजे से सायं 5 बजे तक उपवास का आयोजन होगा। जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजबब्बर जी सांसद सहित सभी वरिष्ठ नेतागण एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।







