लखनऊ, 22 अप्रैल। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में हिन्दू-मुस्लिम तेली महासभा के एक कार्यक्रम में कहा है कि भाजपा के लोग नोट इकट्ठा कर रहे हैं और एटीएम खाली कर रहे है। बाजार से नोट गायब होने में भाजपा की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि इन रूपयों का उपयोग लोकसभा चुनाव में हो सकता है।
मेड इन इण्डिया‘‘ का क्या होगा?
श्री अखिलेश यादव ने नोटबंदी और जीएसटी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि व्यापारियों और गरीबों, किसानों के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने पूछा नोटों की किल्लत बैंकों में क्यों हो गई है? एटीएम खाली क्यों है? क्या इसके पीछे भाजपा की साजिश तो नहीं है? धन का दुरूपयोग चुनाव जीतने में खर्च होगा? चीन के सस्ते माल के कारण देश के कुटीर उद्योग बंद हो गए हैं फिर ‘‘मेड इन इण्डिया‘‘ का क्या होगा? बच्चों को जो लैपटाप समाजवादी सरकार ने बांटे वे अब भी ठीक है लेकिन भाजपा ने जो जूता, बैग और स्वेटर बांटे वे एक माह में ही फट गए।

बलात्कार की घटनाओं प्रधानमंत्री को सफाई देनी पड़ी:
पूर्व मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था की विफल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि जनता डरी हुई है। महिलाओं की सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। बलात्कार की घटनाओं से बच्चियां सहमी हुई हैं। बलात्कार और नृशंसकाण्ड की गूंज राष्ट्रसंघ तक में सुनाई दी है। प्रधानमंत्री जी को भी अपने विदेश दौरे में इन घटनाओं पर सफाई देनी पड़ी।
सपा की सरकार बनते ही फर्जी एनकाउंटरों की जांच होगी:
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का यह दावा सत्य से परे है कि एनकाउंटर से प्रदेश में अपराधों में कमी आई है। सच्चाई यह है कि ज्यादातर एनकाउंटर फर्जी हुए है और चिह्नित करके गोली मारी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री जी ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर इन फर्जी एनकाउंटरों की जांच होगी। जो भी प्रशासनिक अधिकारी दोषी पाया जायेगा उसे कड़ी सजा दी जाएगी।
श्री अखिलेश यादव आज पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में हिन्दू-मुस्लिम तेली महासभा, उप्र की बैठक में मुख्य अतिथि थे। इस अवसर पर संयोजक कैलाश नाथ साहू एवं एहसानुलहक मलिक के साथ पूर्व मंत्री राजेन्द्र चौधरी, जगजीवन प्रसाद, एसआरएस यादव एवं जितेन्द्र यादव (सभी एमएलसी) एवं काशीनाथ राठौर, समाजवादी युवजन सभा राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव तथा अमृत लाल साहू की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। तैलिक समाज के वक्ताओं ने अखिलेश की नीतियों और कार्यक्रमों की प्रशंसा की और उन्हें भरपूर समर्थन दिया।







