महिलाओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है जापलो
पटना, 20 अप्रैल। जन अधिकार पार्टी (लो) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा है कि देश भर में महिलाओं पर उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ऐसी घटनाओं के खिलाफ जनाक्रोश भी बढ़ रहा है। पटना में बिहार वीमेंस नेटवर्क एवं लोक परिषद के तत्वावधान में गांधी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय उपवास के आखिरी दिन सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जन अधिकार पार्टी महिलाओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी इसके लिए संघर्ष करती रहेगी।
उल्लेखनीय है कि देश भर महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के विरोध में वीमेंस नेटवर्क एवं लोक परिषद ने 72 घंटे के उपवास का आयोजन किया है। आज उपवास का आखिरी दिन है। इस दौरान आयोजित सभा में सांसद श्री यादव ने कहा कि महिलाओं को अपने सम्मान और प्रतिष्ठा के लिए खुद आगे आना होगा। महिलाओं को महिलाओं के सम्मान के लिए संघर्ष करना होगा।
उन्होंने कहा कि देश भर में महिलाओं पर बढ़ती हिंसा के खिलाफ आवाज उठ रही है। महिला संगठन भी इस दिशा में काम कर रहे हैं। उपवास का आयोजन भी इसी का हिस्सा है। इसके लिए आयोजक धन्यवाद की पात्र हैं। श्री यादव ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ भी महिलाओं को आवाज बुलंद करनी चाहिए। शिक्षा माफिया और मेडिकल माफिया के खिलाफ भी एकजुट होना चाहिए। तभी एक स्वस्थ समाज का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि वे महिलाओं पर बढ़ती हिंसा के मुद्दे को लोकसभा में भी उठाएंगे।







