कोर कमेटी की बैठक में नाम की हुई घोषणा
पटना, 07 मई। जन अधिकार पार्टी (लो) ने जोकीहाट विधान सभा क्षेत्र के लिए अररिया के जिला परिषद सदस्य गौसुल आजम उर्फ पप्पू को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सह महासचिव उमेर खान ने पत्रकारों को बताया कि पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में गौसुल आजम उर्फ पप्पू के नाम पर सहमति बनी और फिर उनके नाम की घोषणा की गयी। वे अपना नामांकन 10 मई को करेंगे।
उन्होंने कहा कि कोर कमेटी की बैठक पार्टी के संरक्षक पप्पू यादव की अध्यक्षता में हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अखलाक अहमद, राष्ट्रीय महासिचव राघवेंद्र कुशवाहा, प्रेमचंद सिंह, राजेश रंजन पप्पू और उमेर खान शामिल थे। श्री खान ने कहा कि जन अधिकार पार्टी (लो) बिहार की 11 करोड़ जनता को राजनीतिक विकल्प देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी प्रतिबद्धता को व्यावहारिक रूप देने के लिए पार्टी ने जोकीहाट विधान सभा उपचुनाव में गौसुल आजम उर्फ पप्पू को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी जोकीहाट उपचुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार में सत्ता पक्ष अपनी सत्ता बचाने की कोशिश कर रहा है और विपक्ष अपने परिवार की राजनीति स्थापित करने का प्रयास कर रहा है। ऐसे में जनता के मुद्दों को हाशिए पर धकेल दिया गया है। श्री खान ने कहा कि जन अधिकार पार्टी (लो) ही असली प्रतिपक्ष की भूमिका का निर्वाह कर रही है।






