भाजपा के सहयोगी दल शिवसेना के बीच कटु प्रचार अभियान को टाला जा सकता था
मुंबई, 02 जून। भंडारा-गोंदिया लोकसभा उपचुनाव में भाजपा की हार का ठीकरा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने ईवीएम मशीन में गड़बड़ी और सूखे पर फोड़ा है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर भाजपा मतदाता शिक्षित हैं जो सुबह में ही मतदान केंद्र पर चले जाते हैं। उनमें से कई ईवीएम मशीनों में गड़बड़ी के चलते वोट नहीं डाल पाए। उन्हें वापस जाना पड़ा और दिन के बाद वह मतदान केंद्र पर नहीं लौटे। मुख्यमंत्री ने भाजपा मुख्यालय में मीडिया से कहा कि भाजपा को ईवीएम में गड़बड़ी का खामियाजा उठाना पड़ा है। भाजपा और उसके सहयोगी दल शिवसेना के बीच कटु प्रचार अभियान के विषय पर उन्होंने कहा कि इसे टाला जा सकता था।
भाजपा के लिए झटका है भंडारा-गोंदिया की हार: भंडारा-गोंदिया लोकसभा सीट पर राकांपा को जीत मिली है। राकांपा उम्मीदवार मधुकर कुकड़े ने भाजपा के हेमंत पाटले को 48,097 वोटों से हराया। यह सीट भाजपा सांसद के नाना पटोले के इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो जाने की वजह से खाली हुई थी। लोकसभा और विधानसभा की 14 सीटों के उपचुनाव परिणाम 31 मई को घोषित हुए जिसमें भाजपा को करारा झटका लगा है। विपक्षी पार्टियों ने जहां 11 सीटों पर जीत दर्ज की जबकि भगवा पार्टी तथा उसके सहयोगियों को केवल तीन सीटों पर भी जीत मिल सकी।