डाक्टरों ने कहा: अब लालू जी यात्रा करने के लिए फिट हैं
नई दिल्ली,02 मई। दिल्ली एम्स की ओर से छुट्टी दिए जाने के बाद आज राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव रांची के लिए रवाना हो गए। वह एम्स से व्हीलचेयर पर निकले। राजद ने कहा कि एम्स से जबरन बाहर करवा कर उनके नेता की ‘हत्या’ की साजिश की जा रही है, जबकि वह कई बीमारियों से जूझ रहे हैं। इससे पहले लालू ने एम्स निदेशक को पत्र लिखकर यह आग्रह किया था कि रांची मेडिकल कॉलेज में गुर्दे के उपचार की समुचित व्यवस्था नहीं है इसलिए उनको वहां नहीं भेजा जाए और पूरी तरह स्वस्थ होने तक यहां उपचार चलते रहने दिया जाए।
इस दरम्यान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ‘एम्स’ प्रशासन के फैसले के खिलाफ राजद के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया, इस हंगामे की पुष्टि करते हुए एम्स के प्रवक्ता ने बताया कि अस्पताल प्रशासन ने इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। अस्पताल के उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार की ओर से हौजखास पुलिस थाने में दर्ज करायी गयी शिकायत में कहा गया है कि लालू समर्थकों ने कांच के एक दरवाजे को भी तोड़ दिया, जिससे वहां तैनात सुरक्षा गार्ड खुर्शीद आलम घायल हो गए।
एम्स प्रवक्ता ने बताया कि आयुर्विज्ञान संस्थान में उपचार के बाद लालू की सेहत में काफी सुधार को देखते हुए उन्हें शनिवार को ही अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लालू ने सोमवार को रांची जाने की इच्छा व्यक्त करते हुये उन्हें दो दिन और एम्स में ही रहने की अनुमति देने का अनुरोध किया था। लालू का इलाज कर रहे डाक्टरों ने उनकी जांच रिपोर्टों के आधार पर कहा है कि वह अब यात्रा करने के लिए फिट हैं।
जानकारी के अनुसार लालू ने इस दरम्यान एम्स प्रशासन को लिखे पत्र में कहा है कि ‘अगर मुझे एम्स से रांची मेडिकल कॉलेज भेजा जाता है और इससे मेरे जीवन पर कोई खतरा पैदा होता है तो इसकी पूरी जवाबदेही आप लोगों की होगी।’







