मोदी के मंत्री ने मायावती को दिया एनडीए में आने का न्यौता
लखनऊ, 31 मार्च। भाजपा के सहयोगी दल रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को जनतांत्रिक गठबंधन में मिल जाना चाहिए।
अठावले ने कहा कि अगर मायावती को दलितों की वाकई चिंता है तो उन्हें एनडीए का हिस्सा बन जाना चाहिए। अठावले ने कहा वह चाहते हैं कि मायावती भाजपा के साथ गठबंधन कर लें। अगर वह दलितों का हित चाहती हैं तो उन्हें एनडीए में आ जाना चाहिए। तब मैं, मायावती और रामविलास पासवान मिलकर केंद्र सरकार से दलितों के कल्याण के लिए ज्यादा धन ले सकेंगे। अठावले ने मायावती से भाजपा का हाथ मजबूत करने के आह्वान के साथ अपनी चिंता भी जाहिर कर दी। भाजपा और अमित शाह के दावों से उलट रामदास अठावले ने माना कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी गठबंधन से पार्टी को 20 से 25 सीटों का नुकसान हो सकता है।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इससे 2019 में एनडीए की सरकार आने पर कोई असर नहीं पड़ेगा। रामदास अठावले ने माना कि देश में दलितों पर अत्याचार अब भी हो रहे हैं, मगर इसके लिए केंद्र की भाजपा सरकार जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने कहा कांग्रेस, सपा और बसपा के शासन में भी दलितों पर अत्याचार होते थे। उन्होंने कहा कि दलितों पर जुल्म रोकने के लिए दलित अत्याचार रोधी कानून को और मजबूत किया जाना चाहिए।







