लखनऊ, 13 अप्रैल। एक प्रेस कॉन्फ्रेन्स में आज सपा राष्ट्रीय के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्नाव की घटना की निंदा करते हुए दोषियों के साथ संलिप्त पुलिस कर्मियों के विरूद्ध भी कार्यवाही किये जाने की मांग की है। श्री यादव ने कहा कि पुलिस अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती है।
उन्होंने कहा कि सरकार यह बताये कि कार्यवाही करने में विलम्ब क्यो? उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवार को 50 लाख रूपये की मदद के साथ पीड़िता को सरकारी नौकरी, आवास, सरकारी सुविधा एवं सुरक्षा प्रदान करे।
श्री यादव ने कहा कि यूपी में जनता भय और अराजकता के वातावरण में जीवन जीने को मजबूर है। आमजन स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है। माननीय उच्च न्यायालय की टिप्पणी के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। ऐसी स्थिति में यूपी में धारा 356 लागू किये जाने की आवश्यकता है। महामहिम राज्यपाल को घटना का स्वतः संज्ञान लेते हुए यूपी में राष्ट्रपति शासन की संस्तुति करना चाहिए।







