इन चुनावों में जीत के मायने हजारों में नहीं, लाखों में है
समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को समर्थन देने वाले सभी दलों बसपा, राक्रांपा, वामदल, पीस पार्टी, निषाद पार्टी आदि का सपा प्रमुख ने धन्यवाद किया और पार्टी कार्यकर्ताओं तथा नेताओं को भी बधाई दी
लखनऊ, 16 मार्च। सपा ने कहा है कि अल्पसंख्यकों में खौफ था जो अखिलेश जी ने दूर कर दिया है जनता ने उपचुनाव में भाजपा को नकार कर साबित कर दिया है वो अब अगले चुनाव में बदलाव चाहती है पूर्व मुख्यमंत्री ने इन चुनावों को जनता और लोकतंत्र की बड़ी जीत बताया और कहा कि इनका संदेश देश भर में जाएगा।
समाजवादी पार्टी कार्यालय, लखनऊ के डा. लोहिया सभागार में श्री अखिलेश यादव ने गोरखपुर से जीते सांसद प्रवीण कुमार निषाद तथा फूलपुर (इलाहाबाद) से विजयी सांसद श्री नागेन्द्र प्रताप सिंह पटेल का परिचय अपने कार्यकर्ताओं से कराते हुए कहा कि इन चुनावों में जीत हजारों में नहीं, लाखों में है क्योंकि दोनों लोकसभा के 2014 में हुए चुनावों में भाजपा तीन-तीन लाख के अंतर से जीती थी। यह गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, पिछड़ों की जीत है।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार ने विकास का सही रास्ता दिखाया था। गांवों और साइकिल यात्रा पर ज्यादा भरोसा है। आर्थिक प्रगति की दृष्टि से एक्सप्रेस-वे एक बड़ा उदाहरण हैं। लखनऊ में कम समय में मेट्रो चल गई, दिल्ली-नोएडा, गाजियाबाद में मेट्रो बन रही है। गाजियाबाद में इलेवेटेड 6 लेन की सड़क बनी है। समाजवादी सरकार में ही 1090 वूमेन पावर लाइन, 100 यूपी डायल सेवाएं शुरू हुई। समाजवादी पेंशन पुनः सरकार बनने पर 2 हजार रूपये होगी। इसी सरकार में फल, अनाज, मंड़ियों की स्थापना की गई ताकि किसान अपने उत्पाद को बाजार में लाकर उचित मूल्य प्राप्त कर सकें। समाजवादी सरकार में किसान-गांव के विकास के लिए प्रदेश के बजट में 75 प्रतिशत धनराशि रखी गई थी। आक्सीजन के अभाव में गोरखपुर में बच्चों की मौत पर सरकार संवेदनशून्य रही। समाजवादी सरकार ने गोरखपुर में एम्स के लिए जमीन दी। मेडिकल कालेज खोले।
इस अवसर पर निषाद पार्टी के डा. संजय निषाद ने कहा कि गोरखपुर में नारा लगता मिला-‘‘गरीबों के सम्मान में अखिलेश जी मैदान में‘‘ पीस पार्टी के अध्यक्ष डा. अयूब ने कहा कि भाजपा की बांटने और लड़ाने वाली राजनीति के खिलाफ जो जनादेश आया है। उससे सामाजिक परिवर्तन के संकेत मिलते हैं। अल्पसंख्यकों में खौफ था। अखिलेश जी ने दूर कर दिया है।







