बसपा में शामिल हुए जद(यू) नेता अनिल सिंह यादव, कहा: भाजपा के इशारे पर चल रही जद(यू)
पटना, 28 सितम्बर 2018: विधान परिषद चुनाव में सासाराम से जद (यू) के उम्मीदवार रहे अनिल सिंह यादव आज बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हो गए। उन्हें बसपा के राष्ट्रीय महासचिव राम अचल राजभर ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। साथ ही उन्हें काराकाट लोकसभा क्षेत्र का प्रभार भी दिया गया।
बसपा में शामिल होने के बाद अनिल सिंह यादव ने जदयू पर भाजपा के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया और कहा कि देश में दलितों, पिछड़ों, गरीबों और आम जनों की आवाज सत्ता में बैठे लोग सुनते ही नहीं हैं। जदयू भी अब भाजपा के इशारों पर चलकर उनके जनविरोधी नीतियों की सहयोगी है। इसलिए हमने देश की गरीब और प्रताडि़त जनता की आवाज सुनने वाली सुश्री मायावती के साथ चलने का निर्णय लिया और आज हमने बसपा की सदस्यता ली।
इससे पहले बसपा के राष्ट्रीय महासचिव राम अचल राजभर ने अनिल सिंह का पार्टी में स्वागत और अभिनंदन करते हुए कहा कि बहन मायावती को देशभर में सभी वर्गों का समर्थन मिल रहा है। यही वजह है कि लोग हमारी पार्टी से जुड़ रहे हैं और बहन मायावती की नीतियों में आस्था रखते हैं।
उन्होंने बताया कि विधान परिषद चुनाव में बेहद कम अंतर से पराजित होने वाले अनिल सिंह यादव अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ बहन मायावती के साथ चलने का निर्णय लिया ही, साथ ही संघर्ष पार्टी ऑफ इंडिया के बिहार प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर कुमार तिवारी ने अपने तमाम कार्यकर्ताओं के साथ अपनी पार्टी का विलय बसपा में कर लिया। हम सबों का पार्टी में स्वागत करते हैं।