पटना, 28 सितम्बर 2018: समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा आगामी चुनाव में बिहार और उत्तर प्रदेश समेत देश के सभी 547 लोकसभा सीटों पर 2019 के आम चुनाव में दावेदारी पेश करेगा। साथ ही मोर्चा महागठबंधन से भी अपनी चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा करेगा। ये जानकारी आज पटना के होटल कौटिल्या में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा के बिहार प्रदेश प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने दी।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा का गठन शिवपाल सिंह यादव और सामाजिक कार्यकर्ताओं के द्वारा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के आशीर्वाद से हुआ है। इसका मकसद है भटकाव के रास्ते चल रहे सेक्यूलर लोगों को सही रास्ते पर लाना और देश की एकता और अखंडता को बचाना। राजेश कुमार सिंह ने कहा कि समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा को उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक, तेलंगना, और मध्यप्रदेश के दो दर्जन से भी ज्यादा दलों का समर्थन प्राप्त है। साथ ही हमारे शीर्ष नेतृत्व जल्द ही महागठबंधन से भी वार्ता करेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार प्रदेश में शिवपाल सिंह यादव की अगुआई में समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा का गठन हो चुका है, जो गांव – गांव जाकर राम मनोहर लोहिया, कर्पूरी ठाकुर और जयप्रकाश नारायण के सिद्धांतों पर चलने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे। क्योंकि इन्हीं सोच के साथ समाज में स्थिरता लाने में मदद मिलेगी। मोर्चा में केवल सामाजवादी विचार धारा वाले लोग ही होंगे।
संवाददाता सम्मेलन में सुभाष चंद्र यादव, अशोक कुमार, दीपक पांडेय, मुन्ना कुमार और निरंजन चौहान मौजूद थे।