विकास यात्रा के दौरान दो दिवसीय दौरे पर सरगुजा पहुंचे अमित शाह ने दिल्ली रवाना होने के पहले सोमवार सुबह पत्रकारों से बातचीत की। अमित शाह ने कहा कि पंद्रह साल सरकार के बाद भी लोगों के मन में सरकार और डॉ रमन का स्वागत देख कर गर्व हुआ। छत्तीसगढ़ को गौरवशाली राज्य करार देते हुए शाह ने कि प्रदेश में सड़क, कृषि, नक्सल, संचार और बिजली हर क्षेत्र में काम हुआ है। मुख्यमंत्री रमन सिंह को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रदेश से सीखकर कई राज्य आगे बढ़े हैं। उन्होंने यकीन दिलाया कि जनता ने मन बना लिया है, मिशन 65 प्लस जरूर कामयाब होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भरपूर निवेश छत्तीसगढ़ में किया है। राज्य और केंद्र दोनों का इंजन पटरी पर है, जिसके बहुत बेहतर नतीजे आये हैं। शाह ने कहा कि रमन सिंह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ बहुत अच्छे रास्ते पर जा रहा है और छत्तीसगढ़ में भजपा चौथी बार सरकार बनाने जा रही है।







