- मुजफ्फरपुर और देवरिया के नारी संरक्षण गृह में महिलाओं के साथ जबरदस्ती देह व्यापार के घिनौने कृत्य पर बसपा अध्यक्ष मायावती ने जाहिर की नाराजगी और बोलीं भाजपा सरकार में अराजकता का माहौल
लखनऊ, 07 अगस्त 2018: बसपा प्रमुख ने सोमवार को मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि बिहार में मुजफ्फरपुर बालिका गृह बलात्कार कांड की तरह उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के नारी संरक्षण गृह में महिलाओं के साथ जबरदस्ती देह व्यापार का घिनौना कांड यह साबित करता है कि बीजेपी की सरकारों में कितनी ज्यादा अराजकता है व बीजेपी की सरकार में महिलाओं की कितनी ज्यादा असुरक्षा व दुर्दशा है, जो पूरे देश के लिए ही शर्म व अति चिंता की बात है।
उन्होंने कहा कि सरकारी उदासीनता के कारण ही बिहार, देवरिया नारी संरक्षण गृह में भी जबरदस्ती देह व्यापार कराने की लंबे समय से चली आ रही घटना बहुत निंदनीय है। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से यह साबित होता है कि बीजेपी शासित राज्यों में थोड़ा नहीं बल्कि पूरा जंगल राज है तथा कानून व्यवस्था की तरह महिला सुरक्षा व सम्मान भी बीजेपी के लिए प्राथमिकता नहीं बल्कि उनके लिए चिंता का विषय है।
मुजफ्फरपुर से देवरिया में दुष्कर्म का धंधा चलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए मायावती ने कहा कि सरकारी संरक्षण के बिना यह सब अन्याय अत्याचार और पाप संभव ही नहीं है। इसलिए सरकारी अधिकारियों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए न की लीपापोती करने जैसी कोई बात जो कि गंभीर से गंभीर घटनाओं में भी बीजेपी सरकार की आदत बन गई है।
उन्होंने कहा कि पहले बिहार और अब उत्तर प्रदेश में भी इस प्रकार की जघंन्य महिला अपराधों के मामले में भी साफ़ व सही नीयत तथा दृढ़ इच्छाशक्ति से काम नहीं करने ही आलोचना करते हुए कहा कि बीजेपी की सरकारों को बीएसपी शासन का वह जमाना भी जरुर याद कर लेना चाहिए। जब इलाहाबाद के सुदूर गांव में एक महिला को नंगा घुमाने के मामले में जिले के सबसे बड़े अधिकारी को निलंबित कर दिया गया था। कानून व्यवस्था के साथ-साथ खासकर महिलाओं को सुरक्षा के मामले में जब तक सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं है।







