सीबीआई की अर्जी पर लालू के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी, कोर्ट ने छह अक्टूबर को कोर्ट में पेश होने को कहा
नई दिल्ली, 31 अगस्त 2018: राजद सुप्रीमो लालू यादव के बुरे दिन ख़त्म होने का नाम अभी नहीं ले रहे हैं कि उनके लिए एक मुश्किल और खड़ी हो गयी। आईआरसीटीसी घोटाले की सुनवाई के दौरान दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने सीबीआई की अर्जी पर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी किया है। कोर्ट ने छह अक्टूबर को लालू को कोर्ट में पेश होने को कहा है।
गौरतलब है कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने बुधवार को सीबीआई कोर्ट में सरेंडर किया था। जस्टिस एसएस प्रसाद की कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में लेते हुए होटवार जेल भेज दिया था। कोर्ट ने रिम्स के डॉक्टर को लालू प्रसाद के मेडिकल चेक-अप का भी आदेश दिया है।
होटवार जेल में उनके लिए उच्च श्रेणी कक्ष की व्यवस्था की गई है। इस श्रेणी के ब्लॉक बी या सी में लालू प्रसाद को रखा जा सकता है। उन्हें खाना बनाने और कपड़े धोने के लिए दो कैदी मिलेंगे। सूचना के मुताबिक उनके लिए जेल अस्पताल में भी एक बेड तैयार किया गया है।
बता दें कि लालू प्रसाद एक साथ कई बीमारियों से जूझ रहे हैं। उन्हें पहले से हाई बीपी, शुगर, किडनी, प्रोस्टेट, किडनी में पथरी, हर्निया, ग्लूकोमा, बीटा थैलेसीमिया से जुड़ीं समस्याएं हैं। सन 2014 में ऑर्टिक वाल्व रीप्लेसमेंट, पेटेंट फॉरामेन ओवेले और ऑर्टोप्लास्टी के ऑपरेशन भी हुए थे।







