भाजपा सरकार ने जनहित में नहीं किया कोई काम
लखनऊ, 11 फरवरी। अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा मुख्यमंत्री द्वारा समाजवादी विचारधारा को आतंकवादी बताना आजादी के आंदोलन का अपमान है। चूंकि भाजपा आरएसएस आजादी के आंदोलन में दूर-दूर तक शामिल नहीं रहे थे इसलिए वे उसके मूल्यों एवं आदर्शों से पूरी तरह अनभिज्ञ हैं। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री जी को समाजवादियों पर आपत्तिजनक और अनैतिक बयान देने के लिए माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा विकास विरोधी पार्टी:
उन्होंने कहा कि भाजपा विकास विरोधी पार्टी है। वह पिछड़ों, दलितों, गरीबों और किसानों की दुश्मन पार्टी है। केंद्र की भाजपा सरकार ने जनहित में कोई काम नहीं किया है। किसानों को धोखा दिया हैं। समाजवादी पार्टी के कामों को ही भाजपा अपने काम बताती है। समाजवादी सरकार के एक्सप्रेस-वे और लैपटाप जैसी बड़े कामों को जनता आज भी याद करती है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी पर मुख्यमंत्री जी स्तरहीन और अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। राजनीति में शिष्टाचार नाम की चीज से उनका यह परहेज निंदनीय है। भाजपा लोकतंत्र का अपने आचरण से मजाक बना रही है।
केंद्र सरकार ने चार वर्षों में यूपी में कितना निवेश किया है:
उन्होंने ने पूछा कि केंद्र सरकार ने चार वर्षों में उत्तर प्रदेश में कितना निवेश किया है? और यूपी में विकास का क्या काम है? नौजवान रोजगार न मांगे इसलिए बच्चों को आंतकित कर उनको परीक्षाओं से वंचित कर दिया गया है। श्री यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी को जनहित में काम करना चाहिए। वे सिर्फ समाजवादी पार्टी को कोसने को ही अपना काम समझते है। जनकल्याण के मुद्दों पर बात करने के बजाय भाजपा बहकी-बहकी बातें करती है।
श्री अखिलेश यादव आज पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा भाजपा समाज को बांटने वाली पार्टी है। सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ना और जाति-धर्म का उन्माद फैलाना उसकी फितरत में है। श्री यादव ने कहा भाजपा स्वयं परिवारवादी पार्टी है। समाजवादी पार्टी पर कोई आरोप लगाने से पहले भाजपा को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। भाजपा में तमाम बड़े नेताओं के पुत्र-पौत्र -पुत्रियां तमाम ओहदों पर बैठाए गए हैं।







