कांग्रेस’ बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना’ की भूमिका में
लखनऊ, 30 अगस्त 2018: उत्तर प्रदेश सरकार पर दमनकारी नीति अपनाने का आरोप लगाकर बुधवार को विधानसभा की कार्यवाही का बहिष्कार करने के विपक्षी के फैसले से खिन्न मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा सदन में बहुजन समाज पार्टी के साथ समाजवादी पार्टी चिपको आंदोलन कर रही है। जबकि कांग्रेस’ बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना’ की भूमिका में है।
विपक्ष की गैर मौजूदगी में अनुपूरक बजट प्रस्तावों पर सरकार का पक्ष रखते हुए श्री योगी ने करीब 80 मिनट तक बसपा और सपा को ही निशाने पर रखा। वही उन्होंने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की उपलब्धियों का जमकर बखान किया।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में इन दिनों चिपको आंदोलन चल रहा है। बसपा से नजदीकियां बढ़ाने की खातिर सपा उसके हर कदम में साथ दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सांप का बच्चा जहर ही उगलता है वह कभी नेवला नहीं बन सकता बार-बार ठोकर खाने के बाद भी लोग इस बार भी एक बार एक दूसरे की मदद को तैयार हैं।
उन्होंने कांग्रेस की भूमिका पर तंज कसते हुए कहा कि सदन में कांग्रेस बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना के रोल में है लगभग सभी विपक्षी दलों ने कांग्रेस अध्यक्ष को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के लिए अयोग्य ठहरा दिया है, मगर कांग्रेस के नेता अन्य दलों का अनुसरण करते हैं मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा और बसपा ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर इस डर से किया कि कहीं उसकी पिछली सरकारों के कारनामे की पोल ना खुल जाएं।






